नई दिल्ली: टोयोटा ने भारतीय बाजार में अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार से पर्दा उठा दिया है. कंपनी ने Urban Cruiser Ebella को पेश किया है, जो अर्बन क्रूजर का इलेक्ट्रिक अवतार है. यह कार मारुति की e Vitara का रीबैज्ड वर्जन है, यानी दोनों गाड़ियां एक ही प्लेटफॉर्म, बैटरी पैक और टेक्नोलॉजी साझा करती हैं, हालांकि इनके लुक और डिजाइन में साफ अंतर देखने को मिलता है.
तेजी से बढ़ते कॉम्पैक्ट इलेक्ट्रिक SUV सेगमेंट में एंट्री करने वाली Urban Cruiser Ebella अपनी अलग स्टाइलिंग, फीचर-लोडेड केबिन, दो बैटरी विकल्प और लंबी रेंज के कारण खास मानी जा रही है. इस इलेक्ट्रिक SUV की बुकिंग आज से 25 हजार रुपये में शुरू कर दी गई है.
Urban Cruiser Ebella, e Vitara पर आधारित होने के बावजूद फ्रंट प्रोफाइल में अलग पहचान बनाती है. टोयोटा ने इसे ज्यादा फ्यूचरिस्टिक लुक देने के लिए मोटा बंपर, एयर डैम्स, बॉडी क्लैडिंग, ग्लॉस ब्लैक ग्रिल और फॉक्स स्किड प्लेट दी है. इसके साथ LED हेडलैंप और पिक्सल-स्टाइल LED DRLs इसे दमदार लुक देते हैं.
SUV में 18-इंच अलॉय व्हील्स, शार्क फिन एंटीना और बड़े विंडो दिए गए हैं. साइड प्रोफाइल काफी हद तक e Vitara जैसी है, जबकि पीछे से इसका कूपे-स्टाइल डिजाइन, शार्प बॉडी लाइन्स, इंटीग्रेटेड रियर स्पॉइलर और कनेक्टेड LED टेललैंप्स इसे प्रीमियम बनाते हैं.
Urban Cruiser Ebella का केबिन भी e Vitara से मिलता-जुलता है. इसमें ब्लैक और टैन कलर थीम के साथ ग्लॉस ब्लैक इंसर्ट्स दिए गए हैं. डैशबोर्ड का डिजाइन सिंपल लेकिन फ्यूचरिस्टिक है, जिसमें ड्यूल-स्क्रीन सेटअप और वर्टिकल AC वेंट्स शामिल हैं.
नया ट्विन-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, सेंटर कंसोल में दिया गया गियर-सेलेक्टर नॉब और सही जगह पर लगे फिजिकल बटन केबिन को इस्तेमाल में आसान बनाते हैं. पीछे बैठने वालों के लिए बड़ा स्पेस, बड़े विंडो, फिक्स्ड ग्लास रूफ और स्लाइड व रिक्लाइन फंक्शन आराम को और बेहतर बनाते हैं.
Urban Cruiser Ebella फीचर्स के मामले में भी काफी आगे है. इसमें 10.1-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 10.25-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम (वायरलेस कनेक्टिविटी के साथ), फिक्स्ड ग्लास रूफ, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और 10-वे इलेक्ट्रिकली एडजस्टेबल ड्राइवर सीट मिलती है.
इसके अलावा JBL साउंड सिस्टम, एंबिएंट लाइटिंग, PM2.5 केबिन एयर फिल्टर, राइड-बाय-वायर टेक्नोलॉजी और कई ड्राइव मोड्स भी दिए गए हैं.
सेफ्टी के लिहाज से Urban Cruiser Ebella में 7 एयरबैग्स और लेवल-2 ADAS दिया गया है, जिसमें आगे और पीछे ब्लाइंड-स्पॉट अलर्ट्स शामिल हैं. इसके साथ 360-डिग्री कैमरा, फ्रंट और रियर सेंसर्स, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी मिलता है.
e Vitara को भारत NCAP में 5-स्टार और यूरो NCAP में 4-स्टार रेटिंग मिल चुकी है, ऐसे में Ebella से भी इसी स्तर की सेफ्टी की उम्मीद की जा रही है.
Urban Cruiser Ebella भारत में दो बैटरी पैक विकल्पों के साथ आएगी और दोनों में सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर दी जाएगी. भारतीय बाजार में यह सिर्फ फ्रंट-व्हील ड्राइव के साथ उपलब्ध होगी. यह EV AC और DC फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करती है. कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर यह इलेक्ट्रिक SUV 543 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है. First Updated : Tuesday, 20 January 2026