दिल्ली में ठंड का थर्ड डिग्री टॉर्चर तापमान 1.8 डिग्री तक खिसका, अलर्ट जारी

दिल्ली में ठंड का थर्ड डिग्री टॉर्चर तापमान 1.8 डिग्री तक खिसका, अलर्ट जारी

Saurabh Dwivedi
Saurabh Dwivedi

इस बार की ठंड ऐसी कि जो जहां है वहीं थम गया है। सबकुछ जमने जैसा हो गया है। कहीं-कही का तापमान तो इतना नीचे चला गया है कि जीना दूभर हो गया है। गरम कपड़े नाकाफी साबित हो रहे हैं। घर के अंदर और घर के बाहर दोनों जगहों पर बुरा हाला है। इस ठंड के बीच सूरज भी आंखमिचौली खेल रहा है। कोहरे ने सूरज को ही ढंक दिया है। सूरज निकलता भी है तो ठंड से कोई राहत नहीं मिलती। कमोबेश पूरे उत्तर भारत का यही हाल है। जम्मू-कश्मीर की बात करो या फिर बात करो बिहार, यूपी, राजस्थान की, सबको ठंड सता रहा है। 

देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो शुक्रवार को भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस मौसम का की सबसे सर्द सुबह शुक्रवार की ही रही। दिल्ली के आया नगर में शुक्रवार का तापमान 1.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली के साथ ही पूरा उत्तर भारत भीषण ठंड और शीत लहर की चपेट में है। बिहार, झारखंड, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा समेत कई राज्यों में ठंडी हवाएं कहर ढा रही हैं। दिल्ली का तापमान शिमला, नैनीताल, मसूरी से भी कम है। एक दिन पहले गुरुवार को दिल्ली का तापमान तीन जगहों पर 2.2 से 2.8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया था। 

मौसम विभाग की मानें तो अगले 48 घंटे तक दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा, इसके बाद एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण मौसम में कुछ सुधार की गुंजाइश है। इस दौरान दिल्ली का न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

स्काईमेट वेदर के मुताबिक पहाड़ों पर लगातार स्नोफॉल हो रहा है और उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण दिल्ली में ठंड ज्यादा हो रही है और तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर भारत में अभी दो दिन और ऐसी ही शीत लहर वाली स्थिति बनी रहेगी। इसके बाद तापमान में थोड़ी बेहतरी की उम्मीद है।

देश के बाकी हिस्सों की बात करें तो पंजाब में भी शीतलहर और कोहरे का दौर जारी है। बिहार और उत्तर प्रदेश में भी हाड़ कंपाने वाली ठंड से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। पछुआ हवा चलने से कनकनी बढ़ गई है। ठंड की वजह से बिहार और यूपी के कई जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। राजस्थान की बात करें तो राज्य में चल रहे शीतलहर और कोहरे का दौर अगले 48 घंटों तक जारी रहने की संभावना है। 8 जनवरी से राजस्थान के ज्यातादर हिस्सों में शीतलहर से राहत मिलने का अनुमान है।

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो