नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है. बता दें, लगातार बढ़ते तापमान के कारण लोग घरों में भी राहत महसूस नहीं कर पा रहे हैं. इतना ही नहीं कई शहरों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जिससे एसी और कूलर की मांग तेजी से बढ़ रही है. इसी बीच सोशल मीडिया तापमान को काम करने का एक ऐसा देसी जुगाड़ वायरल हो रहा है, जिससे देखने के बाद आप भी दंग रह जाएंगे.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति दोपहर की तेज धूप में अपनी छत पर नंगे पैर खड़ा दिखाई दे रहा है. आपने देखा होगा आमतौर पर गर्मियों में छत इतनी तप जाती है कि उस पर कुछ सेकंड खड़ा रहना भी मुश्किल होता है लेकिन वीडियो में दिख रही ठंडी छत को देखकर लोग हैरान हैं. इस दौरान जब वीडियो बना रहे शख्स से पूछा जाता है कि ऐसा कैसे संभव है तो वह बताता है कि उसने चुना, बाइंडर और वॉटरप्रूफिंग कंपाउंड का इस्तेमाल कर छत पर एक खास कोटिंग की है.
इतना ही नहीं वीडियो में युवक यह भी बताता है कि इसके लिए उसने करीब 20 किलो चुना, 5 किलो बाइंडर और थोड़ा वॉटरप्रूफिंग कंपाउंड मिलाकर मिश्रण तैयार किया था. सबसे पहले चूने को रातभर पानी में भिगोया गया फिर बाकी सामग्री मिलाकर छत पर कोटिंग कर दी गई. उसका दावा है कि इससे छत का तापमान करीब 15 डिग्री तक कम हो गया. इतना ही नहीं, इस जुगाड़ के बाद घर के अंदर भी गर्मी पहले के मुकाबले काफी कम महसूस हो रही है.
युवक के मुताबिक, करीब 1000 वर्ग फीट की छत पर यह कोटिंग मात्र 800 से 850 रुपये में की जा सकती है. सोशल मीडिया पर लोग इस जुगाड़ की जमकर तारीफ कर रहे हैं. कुछ यूजर्स ने इसे साइंटिफिक तरीका बताया, क्योंकि सफेद रंग की कोटिंग धूप को रिफ्लेक्ट करती है. वहीं कुछ लोगों ने छत पर पौधे लगाने और गमले रखने की सलाह भी दी है ताकि गर्मी को और कम किया जा सके. First Updated : Thursday, 28 May 2026