नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का दौर जारी है. ऐसे समय में पानी की अहमियत को समझाने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. खास बात यह है कि इस वीडियो का मुख्य किरदार कोई इंसान नहीं बल्कि एक बंदर है, जिसकी समझदारी ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. क्या है वायरल वीडियो चलिए जानते है.
हाल ही में उत्तराखंड पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें एक बंदर को पानी पीते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में नजर आता है कि तेज गर्मी के बीच प्यासा बंदर एक खुले नल के पास पहुंचता है और आराम से पानी पीकर अपनी प्यास बुझाता है. लेकिन इसके बाद जो होता है, वही इस वीडियो को खास बना देता है.
वीडियो में आगे देखा जा सकता है कि पानी पीने के बाद बंदर वहां से तुरंत नहीं जाता और वह अपने हाथ से नल को बंद कर देता है ताकि पानी बेवजह बहता न रहे. बंदर की यह छोटी-सी लेकिन जिम्मेदार हरकत सोशल मीडिया यूजर्स का दिल जीत रही है. लोग इसे पर्यावरण संरक्षण और जल बचाने का बेहतरीन उदाहरण बता रहे हैं.
वीडियो साझा करते हुए उत्तराखंड पुलिस ने भी लोगों को जल संरक्षण का संदेश दिया। पुलिस ने कहा कि पानी एक अनमोल संसाधन है और इसका सही उपयोग करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. संदेश में यह भी बताया गया कि अगरएक जानवर पानी की बर्बादी रोकने की समझ रख सकता है, तो इंसानों को भी इस दिशा में गंभीरता दिखानी चाहिए.
सोशल मीडिया पर वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं और बड़ी संख्या में इसे शेयर भी किया जा रहा है. कई यूजर्स ने टिप्पणी करते हुए लिखा कि बंदर ने जिम्मेदारी निभाने का ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिससे हर किसी को सीख लेनी चाहिए. First Updated : Tuesday, 09 June 2026