जूते बाहर, आइडिया अंदर, AI स्टार्टअप की अनोखी पॉलिसी ने मचाई हलचल
सैन फ्रांसिस्को में AI स्टार्टअप Cursor अपनी अलग ऑफिस पॉलिसी के कारण चर्चा का विषय बना हुआ है. इस कंपनी के ऑफिस में कर्मचारियों और आने वाले मेहमानों को जूते पहनकर अंदर जाने की अनुमति नहीं है.

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में AI स्टार्टअप Cursor अपनी अलग तरह की ऑफिस पॉलिसी के कारण इन दिनों टेक इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है. इस कंपनी के ऑफिस में कर्मचारियों और आने वाले मेहमानों को जूते पहनकर अंदर जाने की अनुमति नहीं है. ऑफिस में प्रवेश करने से पहले सभी को अपने जूते बाहर उतारने होते हैं और अंदर मोज़े या चप्पल पहनकर ही काम करना होता है.
क्यूपर्टिनो के डेवलपर ने शेयर की फोटो
यह अनोखी व्यवस्था तब चर्चा में आई, जब क्यूपर्टिनो के डेवलपर ऐंड्रे लैंडग्राफ ने सोशल मीडिया पर एक फोटो शेयर की, जिसमें ऑफिस के अंदर फर्श पर कई जोड़ी जूते दिखाई दे रहे थे. इस तस्वीर को देखते ही टेक जगत के कई लोगों ने तुरंत पहचान लिया कि यह Cursor का ऑफिस है.
Funny that everyone in SF immediately knows which office this is pic.twitter.com/bp7Muk2v59
— Andre Landgraf (@andrelandgraf) February 24, 2026
कंपनी का मानना है कि इस नियम से कर्मचारियों को घर जैसा आरामदायक माहौल मिलता है. ऐसा वातावरण तनाव को कम करता है और काम के दौरान ध्यान केंद्रित रखने में मदद करता है. Cursor के कर्मचारी बेन लैंग ने भी पहले सोशल मीडिया पर इसी तरह की तस्वीरें साझा की थीं और बताया था कि उन्होंने ऐसे कई स्टार्टअप्स में काम किया है, जहां ऑफिस के अंदर जूते पहनने की अनुमति नहीं होती. उनका कहना है कि इससे कार्यस्थल अधिक सहज और अनौपचारिक महसूस होता है.
Cursor क्या काम करती है?
Cursor एक AI-आधारित कोड एडिटर विकसित करने वाली कंपनी है, जो प्रोग्रामर्स को कोड लिखने और उसे बेहतर तरीके से समझने में मदद करती है. कंपनी ने नवंबर 2025 में 2.3 बिलियन डॉलर की बड़ी फंडिंग हासिल की थी, जिसके बाद इसकी वैल्यूएशन बढ़कर 29.3 बिलियन डॉलर तक पहुंच गई. Cursor की स्थापना 2022 में अमन सेंगर, माइकल ट्रूएल, सुआलेह आसिफ और अरविद लुनमार्क ने की थी.
दरअसल, सिलिकॉन वैली में इस तरह की 'नो-शूज़' नीति कोई नई बात नहीं है. कई स्टार्टअप्स इस तरह की संस्कृति को बढ़ावा देते हैं, ताकि ऑफिस का माहौल औपचारिक कम और आरामदायक ज्यादा हो. विशेषज्ञों का मानना है कि वर्क-फ्रॉम-होम के बढ़ते चलन के बाद कंपनियां ऑफिस में भी घरेलू माहौल बनाने की कोशिश कर रही हैं. इससे कर्मचारियों की उत्पादकता और मानसिक संतुलन दोनों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है.
इसके अलावा, इस नियम के पीछे व्यावहारिक कारण भी हैं. कुछ कंपनियों का कहना है कि जूते बाहर रखने से ऑफिस साफ-सुथरा रहता है, खासकर बारिश या गंदगी वाले मौसम में. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यह ट्रेंड फिलहाल युवा और छोटे स्टार्टअप्स में ज्यादा लोकप्रिय है, जबकि पारंपरिक कॉर्पोरेट ऑफिसों में इसे लागू करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है.


