पैसे की जगह बाल कटवाकर लौटे लोग! बिहार में SBI ATM के अंदर खुला सैलून, इंटरनेट पर वायरल हो रहा वीडियो

पटना के दानापुर में SBI के एक पुराने ATM बूथ को हेयर सैलून में बदलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बाहर बैंक का बोर्ड लगा होने से लोग हैरान हैं और इंटरनेट पर इसको लेकर मजेदार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं.

Shraddha Mishra

बिहार: पटना के दानापुर से सामने आए एक अनोखे वीडियो ने सोशल मीडिया पर लोगों को हैरान भी कर दिया है और हंसने पर भी मजबूर कर दिया है. जिस जगह पर कभी लोग पैसे निकालने के लिए लाइन लगाते थे, वहां अब लोग बाल कटवाने पहुंच रहे हैं. वायरल वीडियो में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) का एक पुराना एटीएम बूथ दिखाई दे रहा है, जिसे अब हेयर सैलून में बदल दिया गया है. इंटरनेट पर यह वीडियो तेजी से फैल रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एटीएम मशीन की जगह अब स्टाइलिंग चेयर, बड़ा शीशा और सैलून का सामान रखा हुआ है. अंदर एक नाई ग्राहक के बाल काटता नजर आ रहा है. सबसे दिलचस्प बात यह है कि बाहर अभी भी SBI ATM का बोर्ड लगा हुआ है, जिससे पहली नजर में लोगों को लगता है कि यहां अब भी बैंकिंग सेवा मिलती होगी. बताया जा रहा है कि यह एटीएम काफी समय पहले बंद हो चुका था. बाद में बैंक ने उस खाली जगह को किराए पर दे दिया. हालांकि, एटीएम का साइनबोर्ड नहीं हटाया गया, जिसके कारण यह जगह अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है. सोशल मीडिया पर कई लोग इस पूरे मामले को बिहार के ‘जुगाड़ मॉडल’ का उदाहरण बता रहे हैं.

इंटरनेट पर वायरल हुआ वीडियो

जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सामने आया, लोगों ने मजेदार कमेंट्स की बाढ़ लगा दी. किसी ने इसे बैंकिंग सेक्टर का नया बिजनेस मॉडल बताया तो किसी ने कहा कि अब SBI ने अपनी सेवाओं का दायरा बढ़ा दिया है. एक यूजर ने मजाक करते हुए लिखा, “अब बैंक सिर्फ खाते ही नहीं, बाल भी काट रहे हैं.” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “कैश निकालने गए थे, लेकिन हेयरकट लेकर लौटना पड़ा.” कई लोगों ने इस वीडियो को देखकर बिहार की अलग पहचान और वहां के लोगों की सोच की भी तारीफ की.

‘बिहार में सब मुमकिन है’

वीडियो के वायरल होने के बाद “बिहार में सब मुमकिन है” वाला डायलॉग फिर चर्चा में आ गया. एक व्यक्ति ने कमेंट करते हुए लिखा कि बिहार में हर दिन कुछ नया देखने को मिल जाता है. वहीं कुछ यूजर्स ने इसे वहां के लोगों की उद्यमी सोच से जोड़कर देखा. कुछ लोगों ने यह भी कहा कि बंद पड़ी जगह का इस्तेमाल करना गलत नहीं है, लेकिन लोगों को भ्रमित होने से बचाने के लिए पुराना बोर्ड हटा देना चाहिए था. उनका कहना था कि अचानक जरूरत पड़ने पर कोई व्यक्ति पैसे निकालने पहुंचे और अंदर सैलून चलता मिले, तो वह हैरान रह जाएगा.

कुछ लोगों ने वीडियो पर उठाए सवाल

हालांकि, सोशल मीडिया पर हर कोई इस वीडियो को सही नहीं मान रहा. कुछ यूजर्स का दावा है कि वीडियो को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया है. उनका कहना है कि एटीएम को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया है और केवल पुराना बोर्ड वहां रह गया है. कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि वीडियो पोस्ट करने वाले लोग बिहार की छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. फिलहाल यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे मजेदार अंदाज में शेयर कर रहे हैं और अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो