सिर्फ 25 डॉलर में बेचा 15 लाख फॉलोअर्स वाला कुत्ता, फिर रेस्टोरेंट में परोसा, सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

चीन के एक लोकप्रिय पालतू कुत्ते के गायब होने के बाद सामने आई सच्चाई ने लाखों लोगों को भावुक कर दिया. वहीं इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली.

calender

नई दिल्ली: पालतू जानवरों से जुड़ी कहानियां अक्सर लोगों को भावुक कर देती हैं, चीन से भी एक ऐसा कहानी सामने आई है जिसने लाखों लोगों का दिल तोड़ दिया है. एक महिला का बेहद प्रिय पालतू कुत्ता, जो वर्षों तक उसका साथी रहा और सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय था, चोरी हो गया. बाद में पता चला कि उसे बेहद कम कीमत में बेच दिया गया और उसका मांस एक रेस्तरां में परोस दिया गया. इस खुलासे के बाद न सिर्फ उसका मालिक सदमे में है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है.

यह मामला चीन के हेनान प्रांत का है. यहां रहने वाली ट्रैवल कंटेंट क्रिएटर गुओ के पास एक बॉर्डर कॉली नस्ल का कुत्ता था. यह नस्ल अपनी समझदारी और वफादारी के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध मानी जाती है. गुओ का यह कुत्ता कई वर्षों तक उनकी यात्राओं का हिस्सा रहा. चाहे पहाड़ों की कठिन राहें हों या रेगिस्तान के लंबे सफर, वह हमेशा उनके साथ रहता था. गुओ के अनुसार, वह केवल एक पालतू जानवर नहीं था बल्कि उनके परिवार का अहम सदस्य बन चुका था. यात्रा के दौरान वह रात में उनके टेंट के बाहर पहरा भी देता था.

सोशल मीडिया पर बना था स्टार

इस कुत्ते की लोकप्रियता सिर्फ घर तक सीमित नहीं थी. गुओ अक्सर उसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करती थीं, जिन्हें लोगों का खूब प्यार मिलता था. धीरे-धीरे उसकी पहचान एक सोशल मीडिया स्टार के रूप में बनने लगी. उसके अकाउंट और वीडियो को लाखों लोग फॉलो करने लगे थे. बताया जाता है कि उसके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर करीब 15 लाख से अधिक फॉलोअर्स थे. गुओ ने बताया कि उन्होंने साल 2018 में उसे खरीदा था. उस समय वह केवल तीन महीने का छोटा पिल्ला था. समय के साथ दोनों के बीच गहरा लगाव बन गया.

विदेश यात्रा के दौरान हुआ गायब

कुछ समय पहले गुओ विदेश यात्रा पर गई थीं. इस दौरान उन्होंने अपने पालतू साथी को माता-पिता की देखरेख में छोड़ दिया था. 11 मई को उनके पिता ने देखा कि कुत्ता अचानक खेत से गायब हो गया है. पहले परिवार को लगा कि वह कहीं आसपास निकल गया होगा, लेकिन काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला. जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो सामने आया कि दो लोग इलेक्ट्रिक बाइक पर आए और कुत्ते को अपने साथ ले गए. यह देखकर गुओ ने तुरंत अपनी यात्रा बीच में छोड़ी और वापस चीन लौट आईं.

हर संभव कोशिश के बाद सामने आई सच्चाई

चीन लौटने के बाद गुओ ने कई दिनों तक अपने कुत्ते की तलाश जारी रखी. काफी खोजबीन के बाद उन्हें उस व्यक्ति तक पहुंचने में सफलता मिली जिस पर चोरी का शक था. गुओ ने अपने कुत्ते को वापस पाने के लिए 10 हजार युआन तक देने की पेशकश की. हालांकि आरोपी ने दावा किया कि उसे लगा था कि यह एक आवारा कुत्ता है और वह खुद उसके पीछे-पीछे चला आया था. गुओ ने इस दावे को झूठ बताया. उन्होंने कहा कि कुत्ते के गले में पट्टा और ट्रैकिंग डिवाइस मौजूद था, जिससे साफ पता चलता था कि वह किसी का पालतू जानवर है.

जांच आगे बढ़ने पर जो जानकारी सामने आई, उसने सभी को झकझोर दिया. गुओ को पता चला कि उनके कुत्ते को मात्र 180 युआन में एक ऐसे रेस्तरां को बेच दिया गया था जहां कुत्तों का मांस परोसा जाता है. जानकारी के अनुसार, वहां उसे मार दिया गया और बाद में उसका मांस ग्राहकों को परोस दिया गया. जब गुओ ने इस बारे में आरोपी से सवाल किए तो उसे किसी तरह का पछतावा नहीं था. इसके बाद गुओ उस रेस्तरां भी पहुंचीं, जहां उनके कुत्ते को लाया गया था. उन्हें उम्मीद थी कि शायद कोई निशानी या अवशेष मिल जाए, लेकिन वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि सब कुछ पहले ही नष्ट किया जा चुका है.

कानूनी लड़ाई बनी मुश्किल

इस मामले में गुओ ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है. उन्होंने कुत्ते की कीमत और उससे जुड़े अन्य दस्तावेज भी अधिकारियों को सौंपे हैं. हालांकि चीन के मौजूदा कानून इस मामले में बड़ी चुनौती बन रहे हैं. वहां पालतू जानवरों को अधिकतर मामलों में संपत्ति की श्रेणी में रखा जाता है. कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि चोरी से जुड़े गंभीर आपराधिक मामले तभी बनते हैं जब संपत्ति का मूल्य एक निश्चित सीमा से अधिक साबित हो. ऐसे में गुओ को यह साबित करना पड़ सकता है कि उनके कुत्ते की कीमत कानून में तय सीमा से ज्यादा थी.

जैसे ही यह घटना सार्वजनिक हुई, सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली. लाखों लोगों ने कुत्ते के पुराने वीडियो और तस्वीरें साझा कर दुख व्यक्त किया. कई यूजर्स ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोग गुओ के समर्थन में खड़े दिखाई दे रहे हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. First Updated : Sunday, 07 June 2026