सांप निकला Oggy का फैन, बच्चे के साथ लेटकर मजे से कार्टून देखता आया नजर, देखिए वीडियो
एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हो रहा हैं, जिसमें एक बच्चा और बगल में सांप बेफिक्र होकर अपने मोबाइल फोन पर पसंदीदा कार्टून शो 'ऑगी एंड द कॉकरोचेस' देखने में मग्न है.

नई दिल्ली: जरा सोचिए, आपका छोटा सा बच्चा बेडरूम में चादर ताने आराम से फोन में गेम या कार्टून देख रहा हो और उसके बिल्कुल करीब एक खौफनाक सांप फन फैलाए या कुंडली मारे लेटा हो, यह दृश्य सोचकर ही किसी भी माता-पिता की रूह कांप उठेगी. इंटरनेट पर वायरल हो रहे एक ताजा वीडियो में ऐसा ही दिल दहला देने वाला नजारा सामने आया है, जिसे देखकर आप अपनी आंखों पर भरोसा नहीं कर पाएंगे.
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के montosh__stories हैंडल से एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है. वीडियो में लगभग सात-आठ साल का एक बच्चा अपने बेडरूम में तकिया लगाकर लेटा हुआ है. वह पूरी तरह बेफिक्र होकर अपने मोबाइल फोन पर बच्चों का पसंदीदा कार्टून शो 'ऑगी एंड द कॉकरोचेस' देखने में मग्न है.
वीडियो वायरल
लेकिन इस पूरे मंजर में सबसे हैरान करने वाली बात बच्चे के ठीक बगल में पड़ा एक भारी-भरकम सांप है. सांप किसी समझदार दर्शक की तरह बच्चे के साथ सटकर लेटा है और उसकी आंखें भी सीधी मोबाइल स्क्रीन पर टिकी हुई हैं. ऐसा प्रतीत हो रहा है मानो वह सांप भी बच्चे की तरह उस कार्टून शो का लुत्फ उठा रहा हो.
परिजनों की लापरवाही पर उठे सवाल
इस चौंकाने वाली घटना में सबसे चिंताजनक पहलू बच्चे के परिजनों का रवैया रहा. कमरे में मौजूद परिवार के लोग इस जानलेवा स्थिति को देखकर घबराने या बच्चे को दूर हटाने के बजाय पूरे वाकये का वीडियो बनाने में व्यस्त दिखे. परिजनों के इस व्यवहार पर सवाल उठना लाजिमी है, क्योंकि उन्होंने इस गंभीर खतरे को महज एक मनोरंजन के रूप में लिया.
हो सकता था बड़ा हादसा
सांप की चाल-ढाल और गतिविधियों को देखकर कयास लगाए जा रहे हैं कि वह पालतू हो सकता है और गनीमत यह रही कि वह जहरीला नहीं था. इसके बावजूद किसी भी वन्यजीव या रेंगने वाले जीव पर पूरी तरह भरोसा करना बड़ी भूल साबित हो सकता है. एक हल्की सी उकसाहट या अनजाने में हुआ स्पर्श किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था.
इंटरनेट पर यूजर्स की मजेदार प्रतिक्रियाएं
यह वीडियो सामने आते ही लोगों का ध्यान खींचने में कामयाब रहा और देखते ही देखते इसे लाखों व्यूज मिल गए. कमेंट सेक्शन में जहां कुछ लोग चुटकुलों के जरिए मजे ले रहे हैं, वहीं अधिकतर लोग माता-पिता की इस हरकत पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं. एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा अगर इस सांप ने गलती से भी बच्चे को चूम लिया, तो मासूम की पूरी जिंदगी ही मिस हो जाएगी. दूसरे यूजर ने चुटकी ली लगता है 'ऑगी एंड द कॉकरोचेस' अब इंसानों के साथ-साथ सांपों का भी फेवरेट शो बन चुका है.


