भारत की विविधता और संस्कृति का आकर्षण पूरी दुनिया में मशहूर है. हर साल हजारों विदेशी पर्यटक यहां घूमने आते हैं और कुछ तो इस देश की भाषा, परंपराएं और रीति-रिवाजों को अपनाकर इसे अपना दूसरा घर बना लेते हैं. कुछ ऐसा ही नाजारा सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहा है.
दरअसल, इंटरनेट पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें एक जर्मन महिला मलयालम भाषा में फर्राटेदार बातचीत कर रही हैं. उनकी इस जबरदस्त भाषा कौशल को देखकर कैब ड्राइवर हैरान रह गया.
इस वीडियो में जर्मन महिला क्लारा कैब ड्राइवर से धाराप्रवाह मलयालम में बात करती नजर आ रही हैं. कैब ड्राइवर जब उनकी मलयालम सुनता है तो हैरान रह जाता है. क्लारा उससे पूछती हैं, "क्या आपने पहले किसी विदेशी को मलयालम में बात करते नहीं सुना?" जिस पर ड्राइवर जवाब देता है, "नहीं!"
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे जर्मन महिला का यह वीडियो इंस्टाग्राम पर @keralaklara नाम के आईडी से शेयरकिया गया है. इसके कैप्शन में लिखा है, 'जब भी मैं उबर ड्राइवरों से मलयालम में बात करती हूं, तो उनका रिएक्शन देखने लायक होता है. इसलिए इस बार मैंने बातचीत को रिकॉर्ड कर लिया.' वीडियो को अब तक 1.9 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं और 1 लाख से अधिक लाइक्स आ चुके हैं.
सोशल मीडिया पर लोगों ने क्लारा की मलयालम बोलने की जमकर तारीफ की. एक यूजर ने लिखा, "मुझे जलन हो रही है, ये मुझसे भी अच्छी मलयालम बोलती हैं." वहीं, दूसरे यूजर ने मजाकिया अंदाज में लिखा, "मुझे एक साइकिल के सामने कूदकर मर जाना चाहिए! ये मुझसे भी बेहतर मलयालम बोलती हैं.
भारत आने वाले कई विदेशी पर्यटक यहां की भाषा और संस्कृति से इतने प्रभावित हो जाते हैं कि वे हिंदी, तमिल, मलयालम जैसी भाषाएं सीखने लगते हैं. क्लारा का यह वीडियो इस बात का शानदार उदाहरण है कि भारत की भाषाएं कितनी आकर्षक और प्रभावशाली हैं. First Updated : Sunday, 23 March 2025