WhatsApp Nikah Drama: बिहार के मुजफ्फरपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 12वीं कक्षा में पढ़ रहे एक नाबालिग प्रेमी जोड़े ने WhatsApp चैट पर ही शादी कर ली. दोनों ने मैसेज में तीन बार 'कबूल है' लिखकर खुद को पति-पत्नी मान लिया और अब साथ रहने की जिद पर अड़े हुए हैं. मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस तक पहुंच गया.
परिवारवालों ने जब इस रिश्ते का विरोध किया और दोनों के मोबाइल जब्त कर लिए, तो छात्रा से संपर्क न हो पाने के कारण प्रेमी परेशान हो गया. उसने थाने में जाकर जमकर हंगामा किया और अपनी प्रेमिका के साथ रहने की मांग करने लगा. पुलिस अब मामले को शांत कराने की कोशिश कर रही है.
यह मामला नगर थाना क्षेत्र का है, जहां रविवार को 12वीं कक्षा का एक छात्र अपनी प्रेमिका से मिलने की जिद पर थाने पहुंचा. लड़का शहर के पंकज मार्केट इलाके का निवासी है, जबकि लड़की बोचहां थाना क्षेत्र की रहने वाली है. दोनों पिछले दो साल से रिलेशनशिप में थे और हाल ही में WhatsApp पर तीन बार ‘कबूल है’ लिखकर शादी करने का फैसला कर लिया. लड़की ने खुद को शादीशुदा साबित करने के लिए सिंदूर भी लगाना शुरू कर दिया.
जब इस बात की जानकारी दोनों के परिवारों को हुई, तो उन्होंने कड़ा विरोध जताया. माता-पिता ने उनके मोबाइल जब्त कर लिए और मिलने-जुलने पर पाबंदी लगा दी. इस बीच, दोनों की इंटरमीडिएट परीक्षा चल रही थी, जिसके कारण लड़की के परिजन उसे परीक्षा केंद्र छोड़ने और लाने लगे, जिससे प्रेमी उससे मिल नहीं पा रहा था. इस दूरी से बेचैन होकर उसने थाने में जाकर बवाल कर दिया.
छात्र ने थाने में करीब दो घंटे तक हंगामा किया और पुलिस से मांग की कि उसे उसकी प्रेमिका से मिलने दिया जाए. पुलिस ने जब उसके मोबाइल की जांच की, तो उसमें लड़की के साथ कई तस्वीरें और WhatsApp चैट्स मिलीं, जिसमें उसने तीन बार 'कबूल है' लिखा था. पुलिस ने छात्र को समझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा. इस मामले में दोनों अलग-अलग समुदाय से हैं, जिससे परिवारों की चिंता और बढ़ गई है.
छात्र की बहन ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई और बताया कि उसका भाई इस रिश्ते को लेकर इतना जुनूनी हो गया है कि उसने परिवार से दूरी बना ली है. पुलिस अब दोनों परिवारों से बातचीत कर मामले को सुलझाने की कोशिश कर रही है. First Updated : Tuesday, 11 February 2025