असल जिंदगी में भी फिल्म ‘विवाह’ का सीन हुआ रिपिट: अस्पताल के बेड पर हुई शादी ने जीता सबका दिल
जगन्नाथपुर गांव के जगदीश की बेटी 22 साल की स्वेता की शादी तात्याटोपे नगर निवासी विकास से तय थी। 14 मई को बारात आनी थी। 13 मई को घर में हल्दी का कार्यक्रम चल रहा था।

कानपुर: कानपुर में एक शादी ने फिल्म विवाह के क्लाइमेक्स को हकीकत में बदल दिया। अस्पताल का वार्ड फूलों से सजा था। बेड पर लेटी दुल्हन ने हॉस्पिटल गाउन के ऊपर लाल चूनर ओढ़ रखी थी। दूल्हे ने सबके सामने उसकी मांग में सिंदूर भरा। यह नजारा देख डॉक्टर, नर्स और दोनों परिवारों के लोग भावुक हो गए। आंखें नम हो गईं, लेकिन चेहरे पर सुकून था।
हल्दी के दिन हुआ हादसा
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार जगन्नाथपुर गांव के जगदीश की बेटी 22 साल की स्वेता की शादी तात्याटोपे नगर निवासी विकास से तय थी। 14 मई को बारात आनी थी। 13 मई को घर में हल्दी का कार्यक्रम चल रहा था। तभी सिलिंडर लीक होने से पाइप में आग लग गई। आग बुझाते समय तेल की कढ़ाई पलट गई और आग और फैल गई।
गर्म तेल की चपेट में कई लोग आ गए। दमकल ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। हादसे में स्वेता, उनके पिता जगदीश समेत कुल 12 लोग झुलस गए। सभी को पहले घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया। फिर कानपुर के उर्सला अस्पताल रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर स्वेता को जाजमऊ के मिशिका अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में ही रचाई शादी
14 मई को शादी की तारीख थी। उसी दिन दूल्हा विकास अपने परिवार के साथ स्वेता का हालचाल लेने अस्पताल पहुंचा। उसने कहा कि वह तय तारीख पर ही शादी करना चाहता है। परिवार ने अस्पताल प्रबंधन से बात की और अनुमति मिल गई। इसके बाद स्टाफ और नर्स ने वार्ड को फूलों से सजाया। बेड पर लेटी स्वेता की मांग विकास ने सिंदूर से भरी। दोनों ने साथ में केक भी काटा। इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आईं।
दूल्हे ने कहा, रिश्ता तय होते ही पत्नी मान लिया था
विकास सिंह ने बताया कि जिस दिन रिश्ता पक्का हुआ था, उसी दिन से स्वेता उनकी पत्नी बन गई थी। अस्पताल में सिर्फ औपचारिकता पूरी की गई है। विकास ने वादा किया कि वह हर हाल में स्वेता का साथ निभाएगा। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार स्वेता की तबीयत अब बेहतर है। जल्द ही उसे छुट्टी मिल सकती है।
परिवार बोला, बाद में करेंगे धूमधाम से आयोजन
स्वेता के पिता जगदीश और भाई अभिषेक ने बताया कि हादसे में झुलसे ज्यादातर लोग अभी अलग अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। सबके ठीक होने के बाद घर पर धूमधाम से कार्यक्रम किया जाएगा। विकास के इस फैसले की हर तरफ तारीफ हो रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग दूल्हे की हिम्मत और वफादारी को सलाम कर रहे हैं।


