गांधीनगर: गुजरात के भावनगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पालीताना तालुका के गरजिया गांव में एक शेर ने पशुपालक पर हमला कर दिया. वहीं इस हमले का पूरा वीडियो कैमरे में कैद हो गया और अब यह सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. हालांकि वन विभाग ने शेर को पकड़ने के लिए तुरंत अभियान शुरू कर दिया है. लेकिन क्या है पूरा मामला चलिए है.
घटना रविवार सुबह की है. गरजिया गांव के रहने वाले कालूभाई बोगभाई गमारा अपने घर पर थे. इसी दौरान अचानक एक शेर आया और उन पर झपट पड़ा. शेर ने कालूभाई को जमीन पर गिरा दिया और उनके पैर को अपने जबड़े में जकड़ लिया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शेर कालूभाई को छोड़ ही नहीं रहा था. इस दौरान आसपास खड़े लोगों को चिलताने हुए भी देखा जा सकता है.
ग्रामीणों ने शेर को भगाने के लिए उस पर पत्थर भी फेंके, लेकिन जानवर टस से मस नहीं हुआ. हालांकि काफी मशक्कत के बाद ही कालूभाई को छुड़ाया जा सका. जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान उनके पैर में गंभीर चोटें आई हैं. हमले के बाद गांव वाले तुरंत कालूभाई को बचाने के लिए दौड़े. उन्हें आनन-फानन में पहले पालीताना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें आगे के इलाज के लिए भावनगर सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया और फिलहाल उनका इलाज जारी है.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम गरजिया गांव पहुंच गई. पालीताना वन विभाग के अधिकारी चिराग अमीन ने बताया कि इलाके में टीमें तैनात कर दी गई हैं. शेर की तलाश के लिए पिंजरे और ट्रैप कैमरे भी लगाए गए हैं. विभाग का मकसद है कि हमला करने वाले जंगली जानवर को पकड़कर सुरक्षित जगह भेजा जाए.
इस हमले के बाद गरजिया और आसपास के गांवों में पशुपालकों के बीच डर का माहौल है. लोग अपने मवेशियों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं. कई लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से इस इलाके में मानव-वन्यजीव मुठभेड़ के मामले बढ़े हैं.
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले खेतों या जंगल की तरफ न जाएं और शाम और सुबह के समय खास सावधानी बरतें। साथ ही मवेशियों को खुले में न छोड़ें। अधिकारियों का कहना है कि शेर को पकड़ने तक गांवों में निगरानी रखी जाएगी. वहीं वन विभाग और स्थानीय प्रशासन मिलकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोग वन्यजीवों के रिहायशी इलाकों में आने को लेकर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल प्रशासन का पूरा फोकस घायल कालूभाई के इलाज और शेर को पकड़ने पर है. First Updated : Tuesday, 07 July 2026