School fight video: शिक्षा का मंदिर कहे जाने वाले स्कूल में अनुशासन और संस्कार की सीख दी जाती है, लेकिन मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में एक सरकारी स्कूल उस समय सुर्खियों में आ गया जब वहां पढ़ाने वाले दो शिक्षक आपस में ही भिड़ गए. यह घटना एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, मेनगांव की है, जहां स्कूल की महिला प्राचार्य और लाइब्रेरियन के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बात हाथापाई तक पहुंच गई.
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों छात्रों के सामने एक-दूसरे के बाल खींचते, थप्पड़ मारते और धक्का-मुक्की करते नजर आ रही हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे स्कूल का माहौल पल भर में WWE के रिंग जैसा बन गया.
जानकारी के अनुसार, यह विवाद स्कूल की प्राचार्य प्रवीण दहिया और लाइब्रेरियन मधुरानी के बीच हुआ. पहले दोनों के बीच तीखी बहस हुई और फिर देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया. वीडियो में देखा जा सकता है कि प्राचार्य ने लाइब्रेरियन का मोबाइल फोन छीनकर तोड़ दिया और दीवार से धक्का दे मारा.
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान कई छात्र और अन्य शिक्षक भी मौजूद थे. छात्रों के सामने हुई इस लड़ाई ने न केवल स्कूल के अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डाला है. वीडियो में दोनों महिलाएं एक-दूसरे पर चिल्लाती और अभद्र भाषा का प्रयोग करती दिख रही हैं.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग तक पहुंच गया. कलेक्टर के आदेश पर सहायक आयुक्त ने तत्काल प्रभाव से प्राचार्य और लाइब्रेरियन दोनों को उनके पदों से हटाकर एसी (आयुक्त) कार्यालय में अटैच कर दिया है.
झगड़े के बाद प्राचार्य और लाइब्रेरियन दोनों ने ही मेनगांव थाने में अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई है. दोनों पक्षों की ओर से आरोप-प्रत्यारोप लगाए गए हैं, जिससे मामला और अधिक उलझता नजर आ रहा है.
स्थानीय सूत्रों की मानें तो प्राचार्य और लाइब्रेरियन के बीच पहले से ही मतभेद चल रहे थे, जो अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गया. यह घटना उस समय हुई जब स्कूल में अन्य शिक्षक और स्टाफ भी मौजूद थे. उन्होंने बीच-बचाव कर स्थिति को काबू में लाया, लेकिन तब तक यह दृश्य छात्रों के सामने एक नकारात्मक उदाहरण पेश कर चुका था. First Updated : Tuesday, 06 May 2025