क्या सच हो रही है बाबा वेंगा की चेतावनी? नोरोवायरस और हंतावायरस ने बढ़ाई टेंशन
दुनियाभर में नोरोवायरस और हंतावायरस के बढ़ते मामलों ने चिंता बढ़ा दी है, जबकि सोशल मीडिया पर लोग इसे बाबा वांगा की कथित भविष्यवाणियों से जोड़ रहे हैं. हालांकि विशेषज्ञों ने अफवाहों से बचने और वैज्ञानिक तथ्यों पर भरोसा करने की सलाह दी है.

दुनियाभर में इन दिनों दो वायरसों को लेकर चिंता और चर्चा तेज हो गई है. एक ओर तेजी से फैल रहा नोरोवायरस लोगों को संक्रमित कर रहा है. वहीं, दूसरी ओर दुर्लभ लेकिन बेहद खतरनाक माने जाने वाले हंतावायरस ने भी स्वास्थ्य एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. सोशल मीडिया पर इन वायरसों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं और कई लोग इसे बुल्गारिया की प्रसिद्ध भविष्यवक्ता बाबा वांगा की कथित भविष्यवाणियों से जोड़ रहे हैं.
नोरोवायरस क्या है?
नोरोवायरस को आमतौर पर “स्टमक फ्लू” कहा जाता है. यह एक संक्रामक वायरस है जो दूषित भोजन, पानी या संक्रमित सतहों के संपर्क में आने से फैलता है. इसके कारण उल्टी, दस्त, पेट दर्द और कमजोरी जैसी समस्याएं होती हैं. अमेरिका में 2025 की शुरुआत में नोरोवायरस के मामले पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं. अमेरिकी स्वास्थ्य एजेंसी CDC के मुताबिक, संक्रमण के आंकड़े महामारी से पहले के स्तर से भी ऊपर पहुंच गए हैं. वहीं इंग्लैंड में फरवरी 2025 तक नोरोवायरस के 9 हजार से ज्यादा लैब में पुष्टि किए गए मामले दर्ज किए गए.
नोरोवायरस और हंतावायरस में अंतर है?
विशेषज्ञों के अनुसार नोरोवायरस और हंतावायरस दोनों अलग-अलग तरह के वायरस हैं. नोरोवायरस मुख्य रूप से पेट और पाचन तंत्र को प्रभावित करता है, जबकि हंतावायरस फेफड़ों और श्वसन तंत्र पर गंभीर असर डाल सकता है. हंतावायरस आमतौर पर संक्रमित चूहों या कृन्तकों के संपर्क से फैलता है और इससे होने वाला हंतावायरस पल्मोनरी सिंड्रोम जानलेवा साबित हो सकता है.
अप्रैल 2026 में डच क्रूज जहाज ‘एमवी होंडियस’ पर एंडीज वायरस से जुड़े हंतावायरस संक्रमण के मामले सामने आए, जिसमें तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई. इस घटना के बाद अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) ने इसे “लेवल-3 इमरजेंसी रिस्पॉन्स” की श्रेणी में रखा. इसके बाद से दुनिया भर में इस वायरस को लेकर चिंता बढ़ गई है.
इसी बीच सोशल मीडिया पर बाबा वांगा की भविष्यवाणियों की चर्चा फिर तेज हो गई है. माना जाता है कि बाबा वांगा ने अपने जीवनकाल में कई वैश्विक घटनाओं, महामारियों और प्राकृतिक आपदाओं की भविष्यवाणी की थी. इंटरनेट पर वायरल दावों के मुताबिक उन्होंने 2025 से 2027 के बीच नई और रहस्यमयी बीमारियों के फैलने की चेतावनी दी थी.
बा वांगा की भविष्यवाणियों पर विशेषज्ञों ने क्या कहा?
हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि बाबा वांगा की भविष्यवाणियों को लेकर इंटरनेट पर मौजूद अधिकांश दावे प्रमाणित नहीं हैं. हंतावायरस या नोरोवायरस का उन्होंने सीधे तौर पर कभी उल्लेख किया हो, इसका कोई ठोस सबूत मौजूद नहीं है. वैज्ञानिकों का मानना है कि इन वायरसों को लेकर जागरूकता और सावधानी जरूरी है, लेकिन अफवाहों और अपुष्ट भविष्यवाणियों पर भरोसा करने से बचना चाहिए.


