चलती ट्रेन में महिला ने की वट सावित्री व्रत की पूजा, सोसल मीडिया पर वायरल हुआ VIDEO
आज कल सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ने अनोखे अंदाज में चलती ट्रेन के अंदर ही वट सावित्री व्रत की पूजा पूरी कर सबका ध्यान खींच लिया. महिला की श्रद्धा और जुगाड़ को देखकर लोग भी हैरान रह गए.

नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसा वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. वीडियो में एक महिला चलती ट्रेन के अंदर वट सावित्री व्रत की पूजा करती नजर आ रही है. महिला की श्रद्धा और पूजा का तरीका देखकर लोग हैरान भी हैं और भावुक भी. यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है. कुछ लोग महिला की आस्था और समर्पण की तारीफ कर रहे हैं, तो कुछ इसे दिखावा बता रहे हैं. हालांकि वीडियो ने एक बार फिर यह बहस छेड़ दी है कि श्रद्धा और परंपरा के लिए जगह मायने रखती है या भावना.
ट्रेन के अंदर पूरे विधि-विधान से की पूजा
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के कोच के अंदर महिला वट सावित्री व्रत की पूजा कर रही है. महिला ने पानी की बोतल में बरगद का छोटा पौधा रखा हुआ है और उसी को वट वृक्ष मानकर पूजा-अर्चना कर रही है. वीडियो में महिला जल, दूध, रोली, अक्षत, फूल, धूप, दीप, नैवेद्य और फल अर्पित करती दिखाई देती है. इसके बाद वह पौधे के चारों ओर घूमकर पूजा की परंपरा निभाती नजर आती है. ट्रेन में मौजूद परिवार के सदस्य भी पूजा के दौरान महिला का साथ देते दिखाई दिए.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर @ChapraZila नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है. वीडियो को हजारों लोग देख चुके हैं, जबकि सैकड़ों यूजर्स इसे लाइक कर चुके हैं. वीडियो पर लोगों ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं. कुछ यूजर्स ने महिला की श्रद्धा की तारीफ करते हुए कहा कि ट्रेन में हो तो क्या हुआ, पूजा तो होकर रहेगी. वहीं कई लोगों ने इसे सच्ची आस्था और समर्पण का उदाहरण बताया. कुछ यूजर्स ने लिखा कि आस्था और परंपरा को निभाने के लिए कोई बहाना नहीं होता.
चलती ट्रेन में ही महिला ने किया वट सावित्री का पूजा। pic.twitter.com/7kHSXYl1pI
— छपरा जिला 🇮🇳 (@ChapraZila) May 16, 2026
लोगों ने ऐसे दिए रिएक्शन
कई सोशल मीडिया यूजर्स का कहना था कि चाहे घर हो, मंदिर हो या चलती ट्रेन, जहां श्रद्धा होती है वहीं पूजा पूरी मानी जाती है. हालांकि कुछ लोगों ने इसे दिखावा भी बताया और कहा कि धार्मिक भावनाओं को सोशल मीडिया कंटेंट बनाने का हिस्सा नहीं बनाना चाहिए. इसके बावजूद वीडियो लगातार वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर चर्चा कर रहे हैं.
क्यों रखा जाता है वट सावित्री व्रत?
वट सावित्री व्रत सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए रखती हैं. पौराणिक मान्यता के अनुसार, माता सावित्री ने अपने अटूट संकल्प और बुद्धिमत्ता से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस ले लिए थे. इसी वजह से इस दिन महिलाएं वट वृक्ष की पूजा करती हैं, उसके चारों ओर धागा बांधती हैं और व्रत रखकर पति के मंगल की कामना करती हैं.


