नई दिल्ली: ऑनलाइन कैब सेवाएं आज लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुकी हैं. इसके जरिए कुछ ही मिनटों में कैब बुक कर लोग अपनी मंजिल तक पहुंच जाते हैं. लेकिन हाल ही में गुरुग्राम से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए है. बता दें, गुरुग्राम की एक महिला ने सुबह चार बजे अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए कैब बुक की थी. हालांकि इस दौरान उसके साथ कुछ ऐसा हुआ जिसने महिला को बुरी तरह डरा दिया. क्या है पूरा मामला चलिए जानते है.
गुरुग्राम के निवासी संजना शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर अपनी और कैब ड्राइवर की बातचीत शेयर करते हुए बताया कि एक जरूरी काम के लिए उन्होंने तड़के करीब चार बजे कैब बुक की थी. ड्राइवर से ऐप के जरिए संपर्क नहीं हो पाने के कारण उन्होंने सुविधा के लिए अपना पर्सनल मोबाइल नंबर शेयर कर दिया, ताकि ड्राइवर उन्हें आसानी से पहचान सके.
संजना ने आगे बताया कि जर्नी शुरू होने के कुछ समय बाद ड्राइवर ने ऐप में दिख रहे किराए से अधिक पैसे की मांगने शुरू कर दिए. वहीं जब उन्होंने ज्यादा पैसे रकम देने से इनकार कर दिया तो मामला पूरी तरह बिगड़ गया. महिला का आरोप है कि ड्राइवर ने उन्हें तुरंत गाड़ी से उतरने नहीं दिया, जिस कारण वह बेहद डर गई थी.
उन्होंने बताया कि मामला जर्नी खत्म होने के बाद यही नहीं रुका, ड्राइवर ने उनके पर्सनल नंबर पर लगातार फोन करने शुरू कर दिए. इस दौरान परेशान होकर उन्होंने नंबर ब्लॉक कर दिया, लेकिन बाद में दूसरे नंबरों से भी कॉल आने लगे. ड्राइवर की इस हरकत से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
महिला ने घटना की शिकायत कैब सेवा कंपनी के कस्टमर सपोर्ट से भी की है. उनका कहना है शुरुआत में उन्हें कोई खास मदद नहीं मिली। हालांकि सोशल मीडिया पर मामला चर्चा में आने के बाद कंपनी ने प्रतिक्रिया दी और कहा कि उनकी सुरक्षा टीम ने सीधे महिला से संपर्क किया है. साथ ही संबंधित ड्राइवर के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई भी की गई है. बता दें, मामले के बाद कंपनी ने यात्रियों को अपनी निजी जानकारी ड्राइवरों के साथ साझा करने बचने की सलाह दी है. First Updated : Thursday, 11 June 2026