Yoga Day 2026: न योग मैट, न खुला मैदान, समंदर की गहराइयों में योग करते दिखे नौसेना के योद्धा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय नौसेना ने एक अनूठी पहल कर योग की शक्ति और भारतीय परंपरा का खास संदेश दिया है. नौसेना के जवानों ने समुद्र के भीतर योग कर सभी को अपनी ओर आकर्षित कर लिया है.

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय नौसेना ने एक अनूठी पहल कर योग की शक्ति और भारतीय परंपरा का खास संदेश दिया है. जहां आमतौर पर योग का अभ्यास खुले मैदानों, पार्कों या सभागारों में किया जाता है, वहीं इस बार नौसेना के जवानों ने समुद्र के भीतर योग कर सभी को अपनी ओर आकर्षित कर लिया है. यहीं वजह है कि इस अनोखे आयोजन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बन गई है.
कहां से सामने आया वीडियो
बता दें, विशाखापत्तनम स्थित भारतीय नौसेना के प्रतिष्ठित पनडुब्बी प्रशिक्षण संस्थान INS सातवाहन में इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. वहीं कार्यक्रम में करीब 40 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और पानी के अंदर विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन किया. हालांकि समुद्र के भीतर संतुलन बनाए रखते हुए योग करना आसान नहीं माना जाता, लेकिन नौसेना के जवानों ने इसे सफलतापूर्वक कर अपनी कुशलता और अनुशासन का परिचय दिया है.
समंदर की गहराइयों में भी योग का संकल्प। 🇮🇳🧘#InternationalYogaDay2026 पर भारतीय नौसेना के पनडुब्बी योद्धाओं ने योगाभ्यास कर अनुशासन, आत्मबल और भारतीय संस्कृति का अद्भुत संदेश दिया। pic.twitter.com/S9GVFphn6I
— BJP (@BJP4India) June 21, 2026
आत्मनियंत्रण का बेहतरीन उदाहरण
नौसेना अधिकारियों के अनुसार, इस अभ्यास का उद्देश्य केवल योग दिवस मनाना नहीं था, बल्कि यह संदेश देना भी था कि योग किसी भी परिस्थिति में मानसिक और शारीरिक संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है. पानी के अंदर किया गया यह अभ्यास एकाग्रता, धैर्य और आत्मनियंत्रण का बेहतरीन उदाहरण बनकर सामने आया.
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देश और दुनिया में कई कार्यक्रम आयोजित किए गए, लेकिन भारतीय नौसेना का यह आयोजन सबसे अलग और आकर्षक माना जा रहा है. विशेषज्ञों का कहना है कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और जीवन में संतुलन स्थापित करने का एक प्रभावी साधन है.


