भारत ने हासिल किया 200 करोड़ वैक्सीन का लक्ष्य, पीएम मोदी ने दी बधाई

भारत में कोविड19 महामारी से निपटने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रम ने रविवार को एक और महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल कर लिया।

Janbhawana Times

भारत में कोविड19 महामारी से निपटने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण कार्यक्रम ने रविवार को एक और महत्वपूर्ण पड़ाव हासिल कर लिया। टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत से करीब 18 महीने बाद देश में अब तक 200 करोड़ वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने एक वीडियो संदेश में इस उपलब्धि के लिए देशवासियों और स्वास्थ्य कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि 16 जनवरी 2021 से शुरू हुए इस टीकाकरण कार्यक्रम ने आज 200 करोड़ टीके लगाने का लक्ष्य हासिल किया है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह लक्ष्य हासिल करना देश और देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। महज 18 महीनों में हमने इस लक्ष्य को हासिल किया है। विश्व में कई देश आज भी कोविड महामारी से जूझ रहे हैं। वहीं भारत ने 200 करोड़ टीकाकरण का लक्ष्य हासिल कर न केवल एक कीर्तिमान स्थापित किया है बल्कि दुनिया को एक नई दिशा भी दिखाई है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 200 करोड़ वैक्सीन लगाने के आंकड़े को पार करने और कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने के लिए राष्ट्र को बधाई दी। पीएम मोदी ने रविवार को स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए कहा कि भारत ने फिर से इतिहास रच दिया। वैक्सीन की 200 करोड़ खुराक का विशेष आंकड़ा पार करने पर सभी भारतीयों को बधाई।

उन्होंने कहा कि भारत के टीकाकरण अभियान को पैमाने और गति में अद्वितीय बनाने में योगदान देने वालों पर हमें गर्व है। इसने कोरोना के खिलाफ वैश्विक लड़ाई को मजबूत किया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वैक्सीन के पूरे रोलआउट के दौरान भारत के लोगों ने विज्ञान में उल्लेखनीय विश्वास दिखाया है। इसके लिए हमारे डॉक्टरों, नर्सों, फ्रंटलाइन वर्कर्स, वैज्ञानिकों, इनोवेटर्स और उद्यमियों ने एक सुरक्षित ग्रह सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो