रूस ने यूक्रेन में ओडेसा के महत्वपूर्ण तट पर हमला किया, इजियम में 44 शव बरामद

रूस के सैन्य बलों ने यूक्रेन में आपूर्ति मार्गों और आयुध परिवहन को बाधित करने के प्रयास में ओडेसा के महत्वपूर्ण तट पर धावा बोल दिया।

Janbhawana Times
Janbhawana Times

जेपोरीजिया (यूक्रेन), 10 मई (एजेंसी) रूस के सैन्य बलों ने यूक्रेन में आपूर्ति मार्गों और आयुध परिवहन को बाधित करने के प्रयास में ओडेसा के महत्वपूर्ण तट पर धावा बोल दिया। यूक्रेन के अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि उन्हें कुछ सप्ताह पहले उत्तर-पूर्व में गोलाबारी में तबाह शहर में 44 लोगों के शव मिले हैं। खारकीव से करीब 120 किलोमीटर दूर, मार्च में गोलाबारी का निशाना बने इजियम में पांच मंजिला इमारत से ये शव निकाले गए।

क्षेत्रीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनेहुबोव ने सोशल मीडिया पर मृतकों की संख्या के बारे में जानकारी देते हुए कहा, ‘‘नागरिकों के खिलाफ रूसी आक्रमणकारियों के बर्बर युद्ध अपराध के ये एक और सबूत हैं।’’ इजियम डोनबास के पूर्वी औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण मार्ग पर स्थित है, जो अब यूक्रेन में रूस के युद्ध का केंद्र है। सिनेहुबोव ने यह नहीं बताया कि इमारत कहां पर थी। इससे पहले यूक्रेन की सेना ने कहा कि रूसी सेना ने एक दिन पहले ओडेसा के महत्वपूर्ण काला सागर बंदरगाह पर सात मिसाइल दागकर एक शॉपिंग सेंटर और एक गोदाम को निशाना बनाया।

सेना ने कहा कि एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। दक्षिणी तट पर रूसी सैनिकों ने उस इस्पात संयंत्र पर हमला जारी रखा जहां यूक्रेन के लड़ाके रूस को एक और महत्वपूर्ण बंदरगाह का नियंत्रण नहीं लेने दे रहे हैं। यूक्रेन का दावा है कि सोवियत काल के कुछ हथियारों का इस्तेमाल किया गया और उनका निशाना सटीक नहीं था। लेकिन यूक्रेन के संस्थान ‘सेंटर फॉर डिफेंस स्ट्रेटेजीस’ ने कहा कि मॉस्को ने ओडेसा के खिलाफ कुछ सटीक निशाना लगाने वाले हथियारों का भी इस्तेमाल किया।

calender
10 May 2022, 08:59 PM IST

जरुरी ख़बरें

ट्रेंडिंग गैलरी

ट्रेंडिंग वीडियो