आज बंगाल डर से आज़ाद है: जीत के बाद PM मोदी ने कहा ‘गंगोत्री से गंगा सागर तक कमल खिला’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “गंगोत्री से गंगा सागर तक, हर जगह कमल खिला है - उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में।” उन्होंने बताया कि गंगा के किनारे बसे सभी राज्यों में BJP-NDA की सरकारें हैं।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (04 मई 2026) को बंगाल में BJP की जीत को ऐतिहासिक बताया। पारंपरिक बंगाली धोती पहने PM मोदी ने दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि "गंगोत्री से गंगा सागर तक" हर जगह कमल खिल गया है। PM ने असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी और बंगाल में जीत का जिक्र करते हुए घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

गंगोत्री से गंगा सागर तक कमल खिला- PM मोदी 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “गंगोत्री से गंगा सागर तक, हर जगह कमल खिला है - उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल में।” उन्होंने बताया कि गंगा के किनारे बसे सभी राज्यों में BJP-NDA की सरकारें हैं। 

उत्तराखंड में गंगा निकलती है और पश्चिम बंगाल में गंगा सागर पर बंगाल की खाड़ी में मिलती है। गंगा सागर एक पवित्र तीर्थ स्थल है। PM मोदी ने कहा कि यह जीत प्रतीकात्मक रूप से पूरे गंगा क्षेत्र में BJP की पकड़ दिखाती है।

बंगाल में पोरीबोर्टोन आ गया है- प्रधानमंत्री 

पीएम मोदी ने बंगाली में कहा, "बांग्ला ए पोरीबोर्टोन होयगेछे।" यानी बंगाल में बदलाव की लहर आ गई है। उन्होंने कहा कि अब बंगाल की जनता ने BJP को मौका दिया है। PM ने याद दिलाया कि बंगाल ही जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि है। इसलिए यह जीत बंगाल के लिए नया अध्याय लिखेगी।

'डर की जगह अब भरोसा लेगा'   

चुनाव प्रचार में "डर" BJP का बड़ा मुद्दा था। PM मोदी ने जीत के बाद फिर इसे उठाया। उन्होंने कहा कि बंगाल में अब "भय" की जगह "भरोसा" लेगा। उन्होंने कहा, “आज से बंगाल डर से आज़ाद हो गया है और विकास के भरोसे से भर गया है।” उन्होंने बताया कि BJP की महिला कार्यकर्ताओं ने बहुत ज़ुल्म सहे हैं। प्रधानमंत्री ने आगे कहा, “आप कल्पना भी नहीं कर सकते कि बंगाल में BJP कार्यकर्ताओं पर कितना ज़ुल्म और अन्याय हुआ है।” 

बदला नहीं, बदलाव पर फोकस- PM मोदी 

बंगाल के लिए BJP की योजना बताते हुए PM मोदी ने कहा कि सरकार 'बदले' पर नहीं, 'बदलाव' पर ध्यान देगी। 'डर' पर नहीं, 'भविष्य' पर फोकस करेगी। उन्होंने वादा किया कि पहली कैबिनेट बैठक में ही आयुष्मान भारत योजना को मंजूरी मिल जाएगी। PM ने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा मिलेगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन रुकेगा। साथ ही घुसपैठियों के खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई होगी।

ममता बनर्जी ने बताया 'अनैतिक जीत'   

गौरतलब है कि भाजपा की इस जीत के विपरीत दूसरी तरफ TMC प्रमुख ममता बनर्जी ने BJP की जीत को 'अनैतिक' बताया। उन्होंने दावा किया कि BJP ने 100 सीटों की "लूट" की है। ममता ने कहा, "यह लूट है, लूट है। हम ज़ोरदार वापसी करेंगे।"

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो