पुडुचेरी में वोटिंग के बीच दिखा अनोखा नजारा, साड़ी पहने रोबोट 'नीला' ने किया मतदाताओं का स्वागत
पुडुचेरी में मतदान के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां साड़ी पहने 'नीला' नाम का रोबोट वोटर्स का स्वागत करता नजर आया. इस पहल ने चुनावी प्रक्रिया में तकनीक का नया रंग जोड़ दिया.

नई दिल्ली: पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान मतदान के बीच एक अनोखी और आकर्षक पहल देखने को मिली. मतदान केंद्र पर टेक्नोलॉजी और परंपरा का अनूठा संगम नजर आया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
गुरुवार को पुडुचेरी के VOC सरकारी स्कूल स्थित पोलिंग स्टेशन पर ‘नीला’ नाम का एक रोबोट साड़ी पहनकर मतदाताओं का स्वागत करता नजर आया. यह दृश्य न सिर्फ लोगों के लिए नया था, बल्कि चुनाव प्रक्रिया में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल का भी उदाहरण बना.
मतदान केंद्र पर तकनीक का नया प्रयोग
पुडुचेरी में चल रहे विधानसभा चुनावों के बीच इस रोबोट की तैनाती ने मतदान केंद्र के माहौल को खास बना दिया. 'नीला' को एक इवेंट-बेस्ड इंटरैक्टिव मशीन के रूप में तैयार किया गया है, जिसका उद्देश्य मतदाताओं का स्वागत करना और उनकी सहायता करना है.
मतदान के लिए पहुंचे लोगों ने इस पहल को उत्सुकता के साथ देखा और रोबोट के साथ बातचीत भी की.
क्या है 'नीला' रोबोट की खासियत?
इस इनोवेशन के बारे में जानकारी देते हुए रोबो मिरर के कौशिक ने बताया कि यह रोबोट कई तरह के सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए डिजाइन किया गया है.
उन्होंने कहा, "इस रोबोट का नाम नीला है. यह एक इवेंट-बेस्ड रोबोट है यानी शादियों, सरकारी कामों और चुनावों जैसे इवेंट्स के लिए. हम कोयंबटूर से आए हैं. नीला रोबोट में कई फीचर्स हैं. इसमें एक वॉइस फीचर भी है और यह खुद से बात भी कर सकती है. हम इसमें कमांड डाल सकते हैं और इसकी आवाज पास खड़े व्यक्ति को सुनाई देगी. यह यहां वोटरों का स्वागत कर रही है."
दो भाषाओं में करती है संवाद
'नीला' रोबोट को अंग्रेजी और तमिल दोनों भाषाओं में बोलने के लिए प्रोग्राम किया गया है. इसकी संवाद क्षमता और आकर्षक प्रस्तुति ने मतदाताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा और मतदान केंद्र का अनुभव और भी खास बना दिया.
असम, केरल और पुडुचेरी में मतदान जारी
गौरतलब है कि पुडुचेरी के साथ-साथ केरल और असम में भी विधानसभा चुनावों के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो चुका है. यह चुनावी प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें बड़ी संख्या में मतदाता हिस्सा ले रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और अपने मताधिकार का प्रयोग करें.