सुवेंदु अधिकारी या कोई और? आज अमित शाह की मौजूदगी में विधायक दल की बैठक, बंगाल CM के नाम का होगा खुलासा
बंगाल विधानसभा चुनाव में बड़ी जीत के बाद आज भाजपा विधायक दल की बैठक होगी. इस अहम बैठक में शामिल होने के लिए खुद अमित शाह कोलकाता पहुंच रहे हैं.

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के बाद राज्य में नई सरकार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं. अब सबकी निगाहें अगले मुख्यमंत्री पर टिकी हुई है. आज शुक्रवार 8 अप्रैल को भाजपा विधायक दल की बैठक में इसकी घोषणा होने की संभावना है.
अमित शाह की मौजूदगी में होगी बैठक
गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता पहुंच रहे हैं. उनकी उपस्थिति में भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक आयोजित की जा रही है. बैठक न्यूटाउन के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे शुरू होगी.
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में विधायक दल के नेता का चुनाव होगा, जो राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. अमित शाह की मौजूदगी से बैठक का महत्व और बढ़ गया है. पार्टी इस मौके पर सभी विधायकों की राय लेते हुए अंतिम फैसला करेगी.
सुवेंदु अधिकारी सबसे मजबूत दावेदार
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी का नाम सबसे आगे माना जा रहा है. 2021 के चुनाव में नंदीग्राम से ममता बनर्जी को हराने वाले सुवेंदु इस बार भवानीपुर सीट पर ममता को उनके घरेलू मैदान में ही शिकस्त दे चुके हैं.
पार्टी के अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि सुवेंदु अधिकारी भाजपा के संगठनात्मक कामों में भी सक्रिय रहे हैं और बंगाल में पार्टी की बढ़त में उनकी भूमिका अहम रही है. हालांकि, आखिरी फैसला बैठक में ही लिया जाएगा.
कल होगा शपथ ग्रहण समारोह
नई सरकार के मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार 9 मई को होगा. यह कार्यक्रम कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती के दिन कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा.
शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा शासित लगभग 20 राज्यों के मुख्यमंत्री, कई केंद्रीय मंत्री और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. इस कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारियां चल रही हैं.
ऐतिहासिक जीत के बाद नई उम्मीद
भाजपा की इस प्रचंड जीत को बंगाल की राजनीति में बदलाव का संकेत माना जा रहा है. लंबे समय बाद राज्य में सत्ता परिवर्तन की संभावना ने लोगों में नई उम्मीद जगाई है. पार्टी अब विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था पर फोकस करते हुए सरकार चलाने की रणनीति बना रही है. आज की बैठक और कल का शपथ समारोह बंगाल की राजनीति के नए अध्याय की शुरुआत साबित होगा.


