'मुफ्त बिजली, महिलाओं को हर महीने 2 हजार, किसानों को 15 हजार...'बंगाल चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र किया जारी

पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है. इसमें उन्होंने महिलाओं और किसानों के लिए बड़े वादे किए हैं. यह घोषणा पत्र पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जारी किया गया है.

Sonee Srivastav

West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर कांग्रेस पार्टी ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे समेत कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में जारी इस घोषणा पत्र को कांग्रेस ने राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और बेरोजगारी खत्म करने पर केंद्रित बताया है.

महिलाओं और किसानों के लिए बड़े वादे

कांग्रेस ने महिलाओं को हर महीने 2,000 रुपये देने का वादा किया है. साथ ही किसानों को सालाना 15,000 रुपये की सहायता देने, मुफ्त बिजली और बेहतर खरीद व्यवस्था का ऐलान किया है. पार्टी ने युवाओं को रोजगार देने और सभी सरकारी रिक्त पदों को भरने का भी वादा किया है. हर जिले में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर विकसित करने और स्टार्टअप को बढ़ावा देने की योजना घोषणा पत्र में शामिल है.

TMC और BJP पर जोरदार हमला

कांग्रेस ने कहा कि पिछले 15 सालों से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासन में राज्य में उद्योग और रोजगार नहीं बढ़ पाया है. पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह सिर्फ सांप्रदायिक राजनीति और ध्रुवीकरण करती है तथा एजेंसियों के जरिए विपक्षी नेताओं को डराकर अपने साथ जोड़ती है.

जयराम रमेश ने कहा कि TMC और BJP एक ही सिक्के के दो पहलू हैं. कांग्रेस बंगाल में जनता को तीसरा विकल्प देने की कोशिश कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ‘वंदे मातरम’ जैसे मुद्दों पर बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और रवींद्रनाथ टैगोर के नाम का राजनीतिक फायदा उठा रही है.

कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर फोकस

कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था सुधारने का वादा किया है. पार्टी का कहना है कि राज्य में ‘कानून का राज’ स्थापित किया जाएगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. भ्रष्टाचार पर सख्ती बरतने की बात करते हुए कांग्रेस ने कहा कि एक मंत्री के पास से 50 लाख रुपये से ज्यादा बरामद होना चिंताजनक है. महिलाओं की सुरक्षा के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट, मुफ्त शिक्षा और 10 लाख रुपये तक का सरकारी स्वास्थ्य बीमा देने का भी वादा किया गया है.

कांग्रेस का दावा

जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस लंबे समय बाद बंगाल में अकेले चुनाव लड़ रही है. पार्टी का लक्ष्य राज्य को नई दिशा देना है, जहां विकास, रोजगार और सामाजिक सौहार्द प्रमुख होंगे. कांग्रेस ने दावा किया कि कोलकाता एक समय उद्योग का केंद्र था, लेकिन अब लोग रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो