'झालमुड़ी मैंने खाई, मिर्ची TMC को लगी' बंगाल में चुनाव वाले दिन पीएम मोदी ने ममता बनर्जी पर कसा तंज
पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण का मतदान जारी है. मतदान के बीच पीएम मोदी ने TMC पर हमला बोलते हुए कहा कि झालमुड़ी तो उन्होंने खाई, लेकिन उसकी मिर्ची टीएमसी को लग गई है.

कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर तीखा हमला बोला है. कृष्णानगर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने झालमुड़ी का जिक्र कर ममता बनर्जी की पार्टी पर व्यंग्य किया. उन्होंने कहा कि झालमुड़ी तो उन्होंने खाई, लेकिन उसकी मिर्ची टीएमसी को लग गई है.
झालमुड़ी वाली घटना का जिक्र
हाल ही में बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी एक स्थानीय दुकान पर रुके थे और उन्होंने वहां की प्रसिद्ध झालमुड़ी खाई थी. इस घटना का वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर किया था, जो बेहद वायरल हो गया. इंस्टाग्राम पर 24 घंटे में 10 करोड़ और फेसबुक पर करीब 9 करोड़ बार देखा गया.
कृष्णानगर रैली में इसी घटना का मजाकिया अंदाज में जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “मैंने झालमुड़ी खाई, लेकिन उसकी झाल (मिर्ची) टीएमसी को लग गई है.” उनका यह तंज TMC पर साफ तौर पर था.
बीजेपी की जीत का दावा
पीएम मोदी ने रैली में भरोसा जताया कि पश्चिम बंगाल में कमल का खिलना तय है. उन्होंने कहा, “4 मई को बंगाल में भी बीजेपी की जीत का जश्न होगा. उस दिन मिठाई भी बंटेगी और झालमुड़ी भी बांटी जाएगी.” उन्होंने आगे कहा कि झालमुड़ी ने कुछ लोगों को झन्नाटेदार झटका दिया है. पीएम मोदी के इस बयान से रैली में मौजूद कार्यकर्ताओं में जोश देखा गया.
16 राज्यों में मतदान जारी
गुरुवार को पश्चिम बंगाल समेत 16 राज्यों की 152 विधानसभा सीटों पर मतदान चल रहा है. बंगाल में पहले चरण के मतदान के बीच पीएम मोदी का यह हमला TMC के लिए मुश्किल पैदा कर सकता है.
TMC पर लगातार हमले
यह पहला मौका नहीं है जब पीएम मोदी ने ममता बनर्जी और उनकी पार्टी पर तंज कसे हैं. चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने TMC पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और बंगाल के विकास में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं. आज के बयान से साफ है कि पीएम मोदी बंगाल में बीजेपी की जीत के प्रति आश्वस्त हैं और विपक्षी पार्टी को लगातार घेर रहे हैं.


