MI vs CSK: 'एल क्लासिको' में रोमांच की सारी हदें हो सकती हैं पार, एमएस धोनी करेंगे वापसी?

आज मुंबई और चेन्नई के बीच धमाकेदार प्रदर्शन होने वाला है. यह मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम में देखने को मिलेगा, ऐसे में सभी के मन में सवाल आ रहा है कि क्या धोनी यह मैच खेलेंगे या नहीं?

Sonee Srivastav

MI vs CSK: वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार शाम को मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच IPL 2026 का रोमांचक मुकाबला खेला जाएगा. यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा. दोनों टीमें इस सीजन में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए जूझ रही हैं, इसलिए इस मुकाबले का महत्व और बढ़ गया है. सबकी नजरें एमएस धोनी की संभावित वापसी पर टिकी हुई हैं. धोनी पिछले छह मैच नहीं खेल पाए हैं. 

कैल्फ स्ट्रेन की चोट से उबरने के बाद उन्होंने वानखेड़े पर नेट्स में जोरदार प्रैक्टिस की. विकेटकीपिंग और बैटिंग दोनों में वे फिट नजर आए. टीम सूत्रों के मुताबिक, धोनी की फिटनेस पर प्रबंधन नजर रखे हुए है. अगर वे खेलते हैं तो CSK की बैटिंग और मॉरल दोनों मजबूत होंगे. हालांकि, आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है. धोनी खुद फैसला लेंगे कि वे तैयार हैं या नहीं.

दोनों टीमों की हालत

MI और CSK दोनों ने छह मैचों में से सिर्फ दो जीते हैं और चार हारे हैं. बेहतर नेट रन रेट की वजह से MI सातवें स्थान पर है, जबकि CSK आठवें स्थान पर. दोनो टीमें प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना चाहती हैं. MI घरेलू मैदान का फायदा उठाने की कोशिश करेगी, वहीं CSK अपने उतार-चढ़ाव वाले फॉर्म को सुधारना चाहेगी.

हेड टू हेड रिकॉर्ड

IPL इतिहास में MI और CSK के बीच 41 मुकाबले हुए हैं. MI ने 22 मैच जीते, जबकि CSK ने 19। वानखेड़े स्टेडियम में MI का रिकॉर्ड 8-5 से बेहतर है, लेकिन हाल के सालों में CSK ने अच्छा प्रदर्शन किया है. 2023 के बाद से पिछले पांच मैचों में CSK ने चार जीते है. इससे इस मैच में रोमांच और बढ़ गया है.

महत्वपूर्ण खिलाड़ी

MI की उम्मीदें तिलक वर्मा पर टिकी है, जो इस सीजन में शतक जड़ चुके हैं और हाई स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं. जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी की कमान संभालेंगे. CSK के लिए संजू सैमसन टॉप रन स्कोरर हैं और अंशुल कंबोज विकेट लेने में अच्छे रहे हैं. इन खिलाड़ियों की लड़ाई मैच का रुख तय कर सकती है.

पिच और मौसम

वानखेड़े की पिच बल्लेबाजों के अनुकूल होती है. छोटी बाउंड्री और अच्छी उछाल से यहां हाई स्कोरिंग मैच देखने को मिलते हैं. इस सीजन में यहां दो मैचों में 200 से ज्यादा रन बने हैं. मौसम गर्म और सूखा रहने वाला है, तापमान 27 से 39 डिग्री के बीच रहेगा. बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, इसलिए पूरा मैच होने की संभावना है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो