बंगाल के CM बनते ही सुवेंदु अधिकारी को शेख हसीना का खास मैसेज, क्या भारत-बांग्लादेश संबंधों में होगा बड़ा बदलाव?

पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने बधाई दी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल का तेज विकास होगा और भारत-बांग्लादेश के संबंध और मजबूत होंगे.

Sonee Srivastav

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में भाजपा की पहली सरकार बनते ही सुवेंदु अधिकारी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बधाई मिल रही है. बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री और अवामी लीग की अध्यक्ष शेख हसीना ने सुवेंदु अधिकारी को मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने उम्मीद जताई कि सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बंगाल तेजी से विकास करेगा.

शेख हसीना का पत्र

9 मई को लिखे गए पत्र में शेख हसीना ने सुवेंदु अधिकारी और उनके पूरे मंत्रिमंडल के लिए अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना की. उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी के सक्षम नेतृत्व में पश्चिम बंगाल का विकास और अधिक गति पकड़ेगा. 

साथ ही भारत और बांग्लादेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे मित्रतापूर्ण संबंध और मजबूत होंगे. शेख हसीना ने पश्चिम बंगाल की जनता के लिए समृद्धि और कल्याण की भी कामना की. उन्होंने अपने संदेश को ‘जय बांग्ला, जय बंगबंधु और बांग्लादेश अमर रहे’ लिखकर समाप्त किया.

दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों की उम्मीद

शेख हसीना के संदेश को बंगाल की राजनीति में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. उनके नेतृत्व में भारत और बांग्लादेश के संबंध काफी अच्छे रहे थे. वर्तमान में शेख हसीना भारत में शरण लिए हुए हैं. बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद उन्हें देश छोड़कर भारत आना पड़ा था.

इससे पहले बांग्लादेश सरकार ने भी भाजपा की जीत पर बधाई दी थी और तीस्ता जल बंटवारे जैसे लंबे समय से अटके मुद्दों पर फिर से बातचीत करने की इच्छा जताई थी.

बंगाल में नई सरकार

शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. वे पश्चिम बंगाल में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री हैं. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे. भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 207 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया. यह बंगाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.

राजनीतिक और कूटनीतिक महत्व

शेख हसीना का बधाई संदेश न केवल सुवेंदु अधिकारी के लिए बल्कि भारत-बांग्लादेश संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में सकारात्मक कदम है. राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि नए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में दोनों देशों के बीच व्यापार, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग बढ़ सकता है. 

बंगाल की जनता उम्मीद कर रही है कि नई सरकार राज्य के विकास, रोजगार और कानून व्यवस्था पर ध्यान देगी. सुवेंदु अधिकारी की ताजपोशी के साथ ही अंतरराष्ट्रीय समर्थन भी मिलना सकारात्मक संकेत माना जा रहा है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो