1 June Rules Changes: LPG से लेकर UPI तक बदले सबके नियम, आज से आम आदमी की जेब पर पड़ेगा सीधा असर

आज जून महीने की शुरुआत हो चुकी है. इस महीने कई बड़े बदलाव होने वाले हैं. जिनमें बैंकिंग नियमों से लेकर यूपीआई, इनकम टैक्स और गैस सिलेंडर की कीमतों तक बदलाव देखने को मिलेंगे.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: जून 2026 की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की जेब पर असर डालने वाले कई बड़े बदलाव लागू हो गए हैं. बैंकिंग नियमों से लेकर यूपीआई, इनकम टैक्स और गैस सिलेंडर की कीमतों तक कई बदलाव आज यानी 1 जून से प्रभावी हो चुके हैं. ऐसे में इन नए नियमों के बारे में जानना आपके लिए जरूरी है, क्योंकि इनका सीधा असर आपके रोजमर्रा के खर्च और फाइनेंशियल प्लानिंग पर पड़ सकता है.

महंगा हुआ कमर्शियल LPG सिलेंडर

तेल मार्केटिंग कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. नई दिल्ली में इसकी कीमत 42 रुपये बढ़ाकर 3113.50 रुपये कर दी गई है. वहीं कोलकाता समेत कई शहरों में भी दाम बढ़े हैं. नई कीमतें 1 जून 2026 से लागू हो गई हैं. हालांकि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है.

बैंकिंग नियमों में बदलाव

कुछ बैंकों ने करंट अकाउंट और कैश डिपॉजिट से जुड़े नियमों को सख्त कर दिया है. अब तय सीमा से ज्यादा नकद जमा करने पर अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है. इसके अलावा UPI ATM से पैसे निकालने के नियमों में भी बदलाव हुआ है. अब UPI के जरिए ATM से निकासी आपकी फ्री मंथली लिमिट में गिनी जाएगी. सीमा पार होने पर हर ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये तक चार्ज लग सकता है.

UPI ट्रांजैक्शन में नई सुविधा

1 जून से UPI पेमेंट सिस्टम में भी बड़ा बदलाव लागू हो गया है. अब जब आप किसी को UPI से पैसे भेजेंगे, तो स्क्रीन पर सामने वाले व्यक्ति का बैंक में रजिस्टर्ड असली नाम दिखाई देगा. NPCI ने यह कदम ऑनलाइन धोखाधड़ी कम करने के लिए उठाया है. इससे गलत व्यक्ति को पैसे भेजने की संभावना कम होगी और यूजर्स को ज्यादा सुरक्षा मिलेगी. 

टैक्सपेयर्स के लिए जरूरी अपडेट

इनकम टैक्स भरने वालों के लिए 15 जून अहम तारीख है. वित्त वर्ष 2026-27 के लिए एडवांस टैक्स की पहली किस्त जमा करने की आखिरी तारीख 15 जून तय की गई है. जिन लोगों की अनुमानित टैक्स देनदारी 10 हजार रुपये से ज्यादा है, उन्हें कुल एडवांस टैक्स का 15 फीसदी जमा करना होगा. ऐसा नहीं करने पर ब्याज देना पड़ सकता है.

कार खरीदना हुआ महंगा

जून से कार खरीदना भी महंगा हो गया है. मारुति सुजुकी ने अपने मॉडल्स की कीमतों में 30 हजार रुपये तक की बढ़ोतरी की घोषणा की है. वहीं हुंडई मोटर इंडिया ने भी कीमतें 12,800 रुपये तक बढ़ाई हैं.

कंपनियों का कहना है कि कच्चे माल, इनपुट लागत और ऑपरेशनल खर्च बढ़ने की वजह से कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं. इन सभी बदलावों का असर सीधे आम लोगों के बजट पर पड़ने वाला है. ऐसे में समय रहते इन नए नियमों को समझना जरूरी हो गया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो