8th Pay Commission: वेतन आयोग की प्रक्रिया हुई तेज, 28 अप्रैल से होंगी महत्वपूर्ण बैठकें
आठवें वेतन आयोग को लेकर बैठकों की शुरुआत होने जा रही है, लेकिन 72,000 रुपये के वेतन आंकड़े को लेकर भ्रम बना हुआ है. कर्मचारियों के बीच कई सवाल हैं, जिनके जवाब अभी आने बाकी हैं.

आठवें वेतन आयोग को लेकर सरकारी कर्मचारियों के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है. जहां एक तरफ आयोग की बैठकों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है, वहीं दूसरी ओर 72,000 रुपये के संभावित वेतन आंकड़े ने चर्चा को और तेज कर दिया है. इस आंकड़े ने कर्मचारियों के बीच उम्मीद के साथ-साथ भ्रम भी पैदा कर दिया है. आयोग की ओर से 24 अप्रैल 2026 को जारी नोटिस के अनुसार, दिल्ली में 28 से 30 अप्रैल के बीच महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की जाएंगी.
इन बैठकों में कर्मचारी संगठनों और विभिन्न समूहों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. आयोग को बड़ी संख्या में अनुरोध प्राप्त हुए हैं, लेकिन समय सीमित होने के कारण सभी संगठनों को इस दौर में शामिल करना संभव नहीं होगा. हालांकि आयोग ने यह भरोसा दिलाया है कि आने वाले समय में और भी बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनमें बाकी संगठनों को भी अपनी बात रखने का मौका मिलेगा.
राज्यों में भी होंगे दौरे
दिल्ली के अलावा आयोग देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी बैठकें करेगा. इससे उन कर्मचारियों और संगठनों को मौका मिलेगा जो दिल्ली नहीं आ सकते. आयोग ने सुझाव दिया है कि जो लोग दिल्ली-एनसीआर से बाहर हैं, वे अपने क्षेत्र में होने वाले भविष्य के कार्यक्रमों का इंतजार करें. इससे पहले आयोग की एक टीम 24 अप्रैल को देहरादून का दौरा करने वाली थी, जो इस प्रक्रिया का हिस्सा है.
72,000 रुपये की चर्चा क्यों?
इन बैठकों के बीच 72,000 रुपये के न्यूनतम वेतन का आंकड़ा काफी चर्चा में है. सोशल मीडिया और कई रिपोर्ट्स में इसे संभावित वेतन के रूप में बताया जा रहा है. लेकिन सच्चाई यह है कि यह आंकड़ा किसी आधिकारिक दस्तावेज या प्रस्ताव का हिस्सा नहीं है. यह केवल अलग-अलग आकलनों और अनुमानित गणनाओं पर आधारित बताया जा रहा है.
आधिकारिक मांग क्या है?
अगर वास्तविक प्रस्ताव की बात करें, तो राष्ट्रीय परिषद (संयुक्त परामर्शदात्री तंत्र) यानी एनसी-जेसीएम की ओर से जो मांग रखी गई है, वह इससे थोड़ी अलग है. इस संगठन ने 69,000 रुपये के न्यूनतम मूल वेतन की मांग की है. इसके साथ ही 3.83 के फिटमेंट फैक्टर का प्रस्ताव भी दिया गया है. यह मांग आयोग के समक्ष आधिकारिक रूप से रखी गई है और इसी पर आगे चर्चा होने की संभावना है.
अभी प्रक्रिया जारी है
फिलहाल वेतन आयोग अभी परामर्श के चरण में है. इस दौरान वह विभिन्न कर्मचारी संगठनों, विशेषज्ञों और अन्य संबंधित पक्षों से सुझाव ले रहा है. इन सुझावों के आधार पर ही वेतन, भत्ते और अन्य सुविधाओं को लेकर अंतिम सिफारिशें तैयार की जाएंगी.
इस समय कर्मचारियों के बीच कई तरह की बातें और आंकड़े चल रहे हैं, जिससे भ्रम की स्थिति बन रही है. ऐसे में विशेषज्ञों का मानना है कि कर्मचारियों को किसी भी अनौपचारिक जानकारी पर भरोसा करने के बजाय केवल आधिकारिक घोषणाओं का इंतजार करना चाहिए.
आने वाले महीनों में जब आयोग की बैठकें पूरी होंगी और सभी पक्षों की राय ली जाएगी, तब एक स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी. तब तक यह कहना मुश्किल है कि न्यूनतम वेतन कितना तय होगा, लेकिन इतना जरूर है कि यह फैसला लाखों कर्मचारियों के लिए बेहद अहम साबित होगा.


