दिल्ली से ऋषिकेश अब सिर्फ 3 घंटे में! ‘नमो भारत’ पर आया बड़ा अपडेट
नमो भारत नेटवर्क के विस्तार के बाद दिल्ली से ऋषिकेश का सफर मात्र 3 घंटे का हो जाएगा. यह प्रोजेक्ट दिल्ली-एनसीआर को हरिद्वार-ऋषिकेश जैसे पवित्र और खूबसूरत पर्यटन स्थलों से सुपरफास्ट जोड़ेगा.

दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा जल्द ही और तेज तथा सुविधाजनक हो सकती है. नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) को हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने की योजना पर तेजी से चर्चा चल रही है. इस प्रस्तावित विस्तार से मौजूदा दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर को उत्तर की ओर बढ़ाया जाएगा, जिससे एनसीआर से हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों तक की कनेक्टिविटी में क्रांतिकारी बदलाव आने की संभावना है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यदि यह योजना लागू हुई तो दिल्ली-एनसीआर से ऋषिकेश तक का यात्रा समय मात्र 2.25 से 3 घंटे रह जाएगा.
इन इलाकों को जोड़ेगा नमो भारत विस्तार
वर्तमान में नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली को मेरठ से जोड़ रहा है और दोनों शहरों के बीच यात्रा समय काफी कम कर दिया है. प्रस्तावित विस्तार मेरठ के मोदीपुरम से शुरू होकर नेशनल हाईवे 58 के साथ-साथ चलेगा. यह मार्ग कई प्रमुख कस्बों से गुजरते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश पहुंचेगा. मुख्य स्टेशनों में दौराला, सकौती, खतौली और पुरकाजी शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा के निकट हैं. इसके बाद मार्ग रुड़की होते हुए ज्वालापुर (हरिद्वार) और अंत में ऋषिकेश पर समाप्त होगा. इस विस्तार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में पर्यटन, रियल एस्टेट तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
धामी और खट्टर के बीच हुई चर्चा
इस प्रस्ताव को गति तब मिली जब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के बीच उच्चस्तरीय बातचीत हुई. इसमें रैपिड रेल नेटवर्क के विस्तार को प्रमुख एजेंडा बनाया गया. यह परियोजना NCR के निवासियों के लिए वीकेंड ट्रिप और तीर्थयात्राओं को अत्यंत सुविधाजनक बना सकती है. बेहतर कनेक्टिविटी से हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे शहरों में हॉस्पिटैलिटी और आवास क्षेत्र की मांग भी बढ़ने की संभावना है. साथ ही, भीड़भाड़ वाले हाईवे के लिए एक विश्वसनीय और तेज विकल्प उपलब्ध होगा, खासकर धार्मिक आयोजनों और पर्यटन के पीक सीजन में.


