29 रुपये महंगा हुआ घरेलू LPG सिलेंडर, कमर्शियल में भी हुआ इजाफा, दिल्ली में अब रसोई गैस की कीमत 942 रुपये पहुंचा

महंगाई की मार झेल रहे आम जनता के लिए एक बुरी खबर सामने आई है. एक बार फिर घरेलू रसोई गैस का दाम बढ़ गया है. अब 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर खरीदने के लिए पहले से 29 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे.

calender

नई दिल्ली: घरेलू रसोई गैस (LPG) की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है. अब उपभोक्ताओं को 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर खरीदने के लिए पहले से 29 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे. नई दरें 7 जून से लागू हो गई हैं. दिल्ली में अब घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है.

तीन महीनों में दूसरी बार बढ़े दाम

यह तीन महीनों के भीतर दूसरी बार है जब LPG सिलेंडर महंगा हुआ है. इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. उस समय पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और ऊर्जा आपूर्ति पर असर के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतें बढ़ गई थी. अब एक बार फिर वैश्विक ऊर्जा संकट और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों का असर भारतीय बाजार पर देखने को मिल रहा है.

ऑयल कंपनियों को हो रहा नुकसान

सूत्रों के मुताबिक, सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियां लंबे समय से घरेलू LPG सिलेंडर को लागत से कम कीमत पर बेच रही थी. हालिया बढ़ोतरी से पहले कंपनियों को हर सिलेंडर पर करीब 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था. इसी नुकसान की भरपाई के लिए कीमतों में इजाफा किया गया है.

कमर्शियल सिलेंडर भी हुआ महंगा

घरेलू सिलेंडर के अलावा कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है. दिल्ली में 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर अब 3113.50 रुपये का हो गया है. वहीं छोटे व्यापारियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले 5 किलो वाले सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए गए हैं.

पेट्रोल-डीजल और CNG के दाम भी बढ़े

पिछले कुछ समय में पेट्रोल, डीजल और CNG की कीमतों में भी लगातार इजाफा हुआ है. मई से अब तक पेट्रोल और डीजल करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं, जबकि CNG की कीमतों में लगभग 6 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. लगातार बढ़ती ईंधन कीमतों ने आम लोगों की रसोई और घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है. First Updated : Sunday, 07 June 2026