नई दिल्ली: देशभर में 9 जुलाई 2026 के लिए पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की नई कीमतें जारी कर दी गई हैं. तेल विपणन कंपनियां (OMCs) और गैस वितरण कंपनियां रोजाना सुबह 6 बजे ईंधन के ताजा दाम अपडेट करती हैं. गुरुवार को पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है, जिससे आने वाले दिनों में ईंधन की कीमतों पर असर पड़ सकता है.
देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है. मुंबई में इसकी कीमत 111.18 रुपये, कोलकाता में 113.47 रुपये और चेन्नई में 107.77 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, हैदराबाद में पेट्रोल सबसे महंगा 115.69 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है. दूसरी ओर, चंडीगढ़ में सबसे कम 98.10 रुपये प्रति लीटर की दर से पेट्रोल उपलब्ध है.
दिल्ली में डीजल की कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर है. मुंबई में यह 97.83 रुपये, कोलकाता में 99.82 रुपये और चेन्नई में 99.55 रुपये प्रति लीटर है. डीजल के मामले में तिरुवनंतपुरम सबसे महंगा शहर बना हुआ है, जहां इसकी कीमत 104.40 रुपये प्रति लीटर है. वहीं, चंडीगढ़ में सबसे सस्ता डीजल 86.09 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है.
सीएनजी के दामों में भी फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है. दिल्ली में सीएनजी 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम, मुंबई में 86 रुपये, अहमदाबाद में 82.25 रुपये, गुरुग्राम और नोएडा में 91.70 रुपये प्रति किलोग्राम मिल रही है. हैदराबाद में सीएनजी की कीमत 97 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि लखनऊ में यह 95.75 रुपये प्रति किलोग्राम पर बनी हुई है.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत करीब 78 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है. पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव और वैश्विक घटनाक्रमों के चलते बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी रहती है, तो आने वाले समय में घरेलू ईंधन की कीमतों पर भी इसका असर देखने को मिल सकता है.
गौरतलब है कि जून में घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी. इसके अलावा, हाल ही में कुछ शहरों में सीएनजी और पीएनजी की दरों में भी संशोधन किया गया था. फिलहाल 9 जुलाई को पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दाम स्थिर हैं, जिससे वाहन चालकों को तत्काल राहत मिली है. First Updated : Thursday, 09 July 2026