सस्ता हुआ कच्चा तेल, क्या कम होने वाले हैं पेट्रोल-डीजल के दाम फटाफट चेक करें आज की कीमत

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. पश्चिम एशिया, विशेषकर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच उपजा तनाव कम होने के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें युद्ध से पहले के स्तर पर लौट आई हैं.

calender

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट देखने को मिली है. पश्चिम एशिया, विशेषकर ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच उपजा तनाव कम होने के बाद क्रूड ऑयल की कीमतें युद्ध से पहले के स्तर पर लौट आई हैं. मौजूदा समय में ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 72 से 73 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है. जबकि अमेरिकी क्रूड गिरकर 70 डॉलर प्रति बैरल से भी नीचे आ चुका है. इस गिरावट से भारत के आयात बिल में कमी आएगी, जिससे सरकारी खजाने को राहत मिलेगी और देश में महंगाई का दबाव भी कम होगा. हालांकि, इस वैश्विक राहत के बावजूद घरेलू बाजार में आम उपभोक्ताओं को फिलहाल कोई फायदा नहीं मिला है और देश भर में पेट्रोल-डीजल की कीमतें अपने पुराने स्तर पर ही टिकी हुई हैं.

तेल कंपनियों को मिली राहत

फरवरी के आखिरी सप्ताह में जब युद्ध के कारण पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव चरम पर था, तब कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थीं. उस दौरान सरकारी तेल विपणन कंपनियों (OMCs) ने अंतरराष्ट्रीय दरों का पूरा बोझ आम जनता पर नहीं डाला और खुद घाटा उठाया था. बाद में मई महीने में ईंधन की कीमतों में करीब 7.50 रुपये प्रति लीटर की आंशिक बढ़ोतरी की गई थी, लेकिन वह भी कंपनियों के नुकसान की पूरी भरपाई के लिए पर्याप्त नहीं था. मौजूदा समय में ग्लोबल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 72 से 73 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार कर रहा है.

तेल कंपनियों को मिली राहत

वर्तमान में कच्चे तेल की कीमतों में आई इस कमी से तेल कंपनियां पेट्रोल पर बेहतर मार्केटिंग मार्जिन कमा रही हैं, जिससे उनके पुराने नुकसान की भरपाई हो रही है. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि डीजल की बिक्री पर कंपनियों को अब भी मामूली नुकसान उठाना पड़ रहा है. इसके अलावा, घरेलू ईंधन की दरें वैश्विक बाजार के दैनिक उतार-चढ़ाव से सीधे तय नहीं होती हैं. भारत में तेल की कीमतें पिछले दो हफ्तों या महीने भर के औसत क्रूड प्राइस के आधार पर संशोधित की जाती हैं. इसलिए, वैश्विक बाजार की इस गिरावट का सीधा फायदा भारतीय उपभोक्ताओं की जेब तक पहुंचने में थोड़ा समय लग सकता है, और यह तभी संभव होगा जब अंतरराष्ट्रीय कीमतें लंबे समय तक इसी निचले स्तर पर बनी रहें.

आपके शहर में क्या है आज का भाव?

मौजूदा समय में देश के प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतें काफी अलग हैं. देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर की दर से बिक रहा है. आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल का भाव 111.21 रुपये और डीजल का 97.83 रुपये प्रति लीटर है. कोलकाता में उपभोक्ताओं को एक लीटर पेट्रोल के लिए 113.51 रुपये और डीजल के लिए 99.82 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं.

भोपाल, बिहार समेत इन राज्यों में पेट्रोल की रेट

मध्य प्रदेश के भोपाल में पेट्रोल 114.54 रुपये और डीजल 99.64 रुपये प्रति लीटर पर स्थिर है. वहीं, बिहार की राजधानी पटना में पेट्रोल 113.35 रुपये और डीजल 99.36 रुपये प्रति लीटर की दर पर उपलब्ध है. हरियाणा के गुरुग्राम में पेट्रोल की कीमत 103.32 रुपये और डीजल की 95.51 रुपये प्रति लीटर बनी हुई है. महाराष्ट्र के पुणे शहर में पेट्रोल 111.52 रुपये और डीजल 98.15 रुपये प्रति लीटर पर बिक रहा है. पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के शिमला में पेट्रोल 102.55 रुपये और डीजल 94.61 रुपये प्रति लीटर है, जबकि केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में पेट्रोल 101.51 रुपये और डीजल 89.47 रुपये प्रति लीटर के भाव पर मिल रहा है. First Updated : Friday, 26 June 2026