Silver Gold Price: चांदी भी 'दिखाने लगी आंख' तो सोना हुआ महंगा, जानें क्या हैं आज के ताजा और सही रेट?
Silver Gold Price: सोने से ज्यादा चांदी की कीमतें आसमान छू रही है. एक दिन पहले गिरावट के बाद दोनों की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिली.

Silver Gold Price: चांदी की कीमतों में आज बुधवार (17 दिसंबर) को जोरदार उछाल आया है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर चांदी 8000 रुपये प्रति किलो तक महंगी हो गई और पहली बार 2 लाख 5 हजार रुपये के पार पहुंच गई. वहीं सोने में भी तेजी आई, लेकिन चांदी जितनी बढ़त नहीं दिखी. एक दिन पहले गिरावट के बाद यह उछाल सभी को चौंका रहा है. वैश्विक बाजार में भी चांदी रिकॉर्ड स्तर के करीब बताई जा रही है.
सोने-चांदी का आज के ताजा भाव
MCX पर चांदी मार्च वायदा करीब 3.9% चढ़कर 2,05,505 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई. सोने की कीमत 277 रुपये बढ़कर करीब 1,34,686 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई. वैश्विक बाजार में चांदी 63 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रही है, जो रिकॉर्ड हाई के पास है. सोना भी 4,300 डॉलर प्रति औंस से ऊपर है.
सोने-चांदी के बढ़ते भाव के मुख्य कारण
चांदी में तेजी का बड़ा कारण औद्योगिक मांग है. सोलर पैनल, इलेक्ट्रिक गाड़ियां, सेमीकंडक्टर और ग्रीन एनर्जी में चांदी की जरूरत तेजी से बढ़ रही है. सोलर इंडस्ट्री में हर पैनल के लिए चांदी का इस्तेमाल होता है, जो सप्लाई को सीमित कर रहा है.
अमेरिकी फेडरल रिजर्व के 2026 में ब्याज दरें कम करने के संकेत से भी फायदा हुआ. डॉलर की कमजोरी और सीमित सप्लाई ने कीमतें ऊपर धकेलीं. घरेलू बाजार में रुपया कमजोर होने से भी भाव बढ़े हैं.
चांदी को लेकर विशेषज्ञों की टिप्पणी
कई ट्रेडर्स ने गिरावट की उम्मीद में गलत दांव लगाया, जिससे शॉर्ट कवरिंग हुई और खरीदारी और बढ़ी. निवेशक चांदी को सुरक्षित विकल्प मान रहे हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि चांदी की मांग आगे भी मजबूत रहेगी, खासकर ग्रीन टेक्नोलॉजी से. सोना-चांदी दोनों में तेजी का रुख बना हुआ है.
निवेश करने से पहले बाजार पर नजर जरूर डालें. जैसे-जैसे शादियों का सीजन नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सोने चांदी के भाव आसमान छू रहे हैं. ऐसे में सोच समझकर खरीददारी और दांव लगाए.


