810 रुपये पहुंचा छोटा सिलेंडर, कॉमर्शियल गैस भी हुई महंगी, जानिए आपके शहर में LPG का नया रेट
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल राहत बनी हुई है, लेकिन कॉमर्शियल गैस सिलेंडर लगातार महंगे हो रहे हैं. नए नियमों और अंतरराष्ट्रीय हालात के बीच गैस सप्लाई और आने वाले समय की कीमतों को लेकर चिंता बढ़ गई है.

नई दिल्ली: घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर लोगों को फिलहाल राहत मिली हुई है, क्योंकि मार्च के बाद से सरकार ने रसोई गैस के दामों में कोई नई बढ़ोतरी नहीं की है. हालांकि दूसरी ओर कॉमर्शियल गैस सिलेंडर लगातार महंगे होते जा रहे हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है. वहीं छोटे 5 किलो वाले एफटीएल सिलेंडर की कीमत में भारी उछाल ने आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है. गैस की बढ़ती लागत और सप्लाई को लेकर बाजार में लगातार चर्चा बनी हुई है.
7 मार्च को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी. उसके बाद से घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है. लेकिन इसी दौरान कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है. इसके अलावा 5 किलो वाले छोटे एलपीजी सिलेंडर की कीमत में भी बड़ा इजाफा हुआ है. पहले यह सिलेंडर 549 रुपये में मिलता था, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 810.50 रुपये प्रति सिलेंडर तक पहुंच गई है.
आपके शहर में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत
देश के अलग-अलग शहरों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतें अलग हैं. राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली में 14.2 किलो का घरेलू सिलेंडर 913 रुपये में मिल रहा है. मुंबई में इसकी कीमत 912.50 रुपये है, जबकि कोलकाता में यह 939 रुपये तक पहुंच चुका है. चेन्नई में घरेलू सिलेंडर 928.50 रुपये में मिल रहा है.
इसके अलावा चंडीगढ़ में इसकी कीमत 922.50 रुपये है. हैदराबाद में लोगों को घरेलू सिलेंडर के लिए 965 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं. जयपुर में यह 916.50 रुपये में मिल रहा है, जबकि पटना में इसकी कीमत 1002.50 रुपये तक पहुंच गई है. तिरुवनंतपुरम में घरेलू सिलेंडर का दाम 922 रुपये दर्ज किया गया है.
लगातार बढ़ रहे हैं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम
मार्च से मई के बीच कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में लगातार तीन बार बढ़ोतरी की गई है. कारोबारियों के लिए यह बड़ी परेशानी का कारण बन गया है. 1 मई को एक बार फिर कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हुआ, जिसके बाद दिल्ली में इसका दाम 3071.50 रुपये तक पहुंच गया. इससे पहले मार्च में कॉमर्शियल सिलेंडर 115 रुपये महंगा हुआ था. अप्रैल में इसकी कीमत में 200 रुपये का और इजाफा किया गया. लगातार बढ़ती कीमतों का असर होटल, ढाबों और फूड इंडस्ट्री पर साफ दिखाई दे रहा है.
अलग-अलग शहरों में कॉमर्शियल सिलेंडर का रेट
नई दिल्ली में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3071.50 रुपये है. मुंबई में इसका रेट 3024 रुपये तक पहुंच चुका है. कोलकाता में लोगों को इसके लिए 3202 रुपये चुकाने पड़ रहे हैं, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत 3237 रुपये है. चंडीगढ़ में कॉमर्शियल सिलेंडर 3092.50 रुपये में मिल रहा है. हैदराबाद में इसकी कीमत 3315 रुपये है. जयपुर में इसका रेट 3099 रुपये है, जबकि पटना में यह 3346.50 रुपये तक पहुंच चुका है. तिरुवनंतपुरम में कॉमर्शियल सिलेंडर की कीमत 3106 रुपये दर्ज की गई है.
क्या घरेलू गैस सिलेंडर और महंगा हो सकता है?
एलपीजी की कीमतों को लेकर आने वाले समय में चिंता बनी हुई है. भारत अपनी जरूरत का लगभग 90 प्रतिशत एलपीजी होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आयात करता है. हाल के अंतरराष्ट्रीय तनाव और युद्ध जैसी परिस्थितियों के कारण सप्लाई प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. हालांकि भारत ने घरेलू स्तर पर एलपीजी उत्पादन बढ़ाने की कोशिश की है, लेकिन विशेषज्ञ मानते हैं कि अगर वैश्विक सप्लाई प्रभावित हुई तो आने वाले समय में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों पर असर पड़ सकता है.
एलपीजी नियमों में सरकार की सख्ती
सरकार ने एलपीजी वितरण से जुड़े नियमों को और सख्त कर दिया है. अब 1 मई से बिना ओटीपी सत्यापन के गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी. इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी इलाकों में 25 दिन से पहले नया सिलेंडर बुक नहीं किया जा सकेगा. हालांकि उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि गांवों में एक बार फिर घर-घर गैस सिलेंडर की डिलीवरी शुरू हो गई है. मार्च के आखिर और अप्रैल की शुरुआत में कई जगहों पर होम डिलीवरी प्रभावित हुई थी, लेकिन अब स्थिति सामान्य होती दिखाई दे रही है.


