महावीर चौराहे पर कुछ ही मिनटों में बदला पूरा माहौल, बिना नंबर की गाड़ियों से आए हमलावरों ने मचाया तांडव

जालोर जिले के भीनमाल शहर में एक दिल देहला देने वाला मामला सामने आया है. बदमाशों ने फिल्मी तरीके से एक युवक पर जानलेवा हमला किया.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

राजस्थान: राजस्थान के जालोर जिले के भीनमाल शहर में एक बहुत ही चौंकाने वाली और डरावनी घटना सामने आई है. भीनमाल के सबसे व्यस्त क्षेत्रों में से एक महावीर चौराहे पर दिन के समय ही बदमाशों ने फिल्मी तरीके से एक युवक पर जानलेवा हमला किया. लगभग 15 से 20 नकाबपोश बदमाशों ने पीड़ित को घेर लिया और फिर लोहे की सरियों और लाठियों से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया. बदमाशों ने युवक को स्कॉर्पियो गाड़ी से कुचलकर मारने की भी कोशिश की.

घात लगाकर बैठे थे हमलावर

हमलावर पहले से ही घात लगाकर बैठे थे. घायल युवक की पहचान भीनमाल निवासी कृष्ण कुमार देवासी के रूप में हुई है. चश्मदीदों के अनुसार बुधवार शाम लगभग 6 बजे कृष्ण कुमार महावीर चौराहे के पास मौजूद थे. इसी दौरान अचानक बिना नंबर प्लेट की एक स्कॉर्पियो और कुछ अन्य गाड़ियों में सवार होकर आए लगभग दो दर्जन बदमाश पूरी तैयारी के साथ वहां पहुंचे.

बेरहमी से पीटा गया

हमलावरों ने सबसे पहले कृष्ण कुमार को अपनी गाड़ी से टक्कर मारकर नीचे गिराने की कोशिश की. इसके बाद गाड़ियों से उतरे बदमाशों ने कृष्ण कुमार को चारों तरफ से घेर लिया और बिना कुछ कहे लोहे की भारी सरियों और लाठियों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया.

हालत गंभीर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया. थानाधिकारी राजेंद्र सिंह पुलिस के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. लहूलुहान हालत में कृष्ण कुमार को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. 

सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल

राजेंद्र सिंह ने बताया कि वारदात के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की हैं. महावीर चौराहे और उसके आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की गाड़ियों के नंबर और उनकी पहचान की जा सके. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

दहशत के बीच वीडियो हुआ वायरल

दहशत के बीच एक वीडियो वायरल हो गया. मारपीट के बाद भी जब बदमाशों का मन नहीं भरा तो उन्होंने युवक को जान से मारने की नीयत से स्कॉर्पियो को उसकी तरफ तेजी से मोड़ा. आरोपियों ने तीन से चार बार तड़पते हुए युवक पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की. चौराहे पर मौजूद कुछ साहसी लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया लेकिन बदमाशों के हाथ में हथियार देखकर कोई भी उनके नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका.

पूरी घटना का वीडियो कैद

मौके पर मौजूद कुछ राहगीरों ने अपने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया. इंटरनेट पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कानून की परवाह किए बिना बदमाश युवक पर सरियों से वार कर रहे हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो