चित्रकूट में महिला ने बेटी के उत्पीड़न से तंग होकर दी जान, केस दर्ज
चित्रकूट में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराने के बाद फांसी लगाकर अपनी जीवन समाप्त कर ली. परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा नेता आशीष कोल, राकेश कोल और शिवपूजन कोल पर धमकी देने और आत्महत्या के लिए उकसाने का इल्जाम लगाया है.

UP Crime News: चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र में एक महिला ने बुधवार को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. यह वही महिला थीं जिसने हाल ही में अपनी बेटी से छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया था. परिजनों ने भाजपा और जन अधिकार पार्टी से जुड़े नेताओं पर समझौते के लिए दबाव बनाने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. मृतका के स्वजनों का कहना है कि बेटी से छेड़खानी करने वाला आरोपी घटना के बाद से ही लापता था और 15 अगस्त को मिला एक शव उसी का हो सकता है. वहीं, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
किन नेताओं पर लगा आरोप
परिजनों ने भाजपा अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश सचिव आशीष कोल, मानिकपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश कोल और जन अधिकार पार्टी के मानिकपुर विधानसभा प्रत्याशी रहे शिवपूजन कोल पर मुकदमा दर्ज कराया है. आरोप है कि ये लोग समझौते का दबाव बना रहे थे और धमकियां दे रहे थे. मंडल के अध्यक्ष राकेश कोल ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि ये आरोप गलत हैं. मैं महिला को जानता तक नहीं.
मामला और आरोपी की गुमशुदगी
11 अगस्त को महिला ने अपनी बेटी से छेड़खानी का आरोप अमित कोल पर लगाया था. उनका कहना था कि बेटी कोचिंग जाते समय साइकिल से जा रही थी, तभी अमित ने उसे गिरा दिया और बचाने पहुंची मां को भी पीटा. इसके बाद महिला ने थाने में छेड़खानी और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया था. घटना के बाद से अमित कोल लापता हो गया. जिसके बाद से परिवारवालों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. 15 अगस्त को तुलसी जल प्रपात में एक शव मिला, जिसके हाथ पर बना टैटू अमित से मेल खाता है. हालांकि, परिवार ने अब तक थाने जाकर शव की आधिकारिक पहचान नहीं की है.
महिला ने क्यों की आत्महत्या?
बुधवार शाम करीब चार बजे छात्रा की मां ने आत्महत्या कर ली. महिला की बहन के बेटे ने आरोप लगाया कि उन पर राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा था और एससी-एसटी एक्ट में फंसाने की धमकी दी जा रही थी. मानिकपुर थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है.
भाजपा की प्रतिक्रिया
भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इस संबंध में संबंधित नेताओं से बातचीत की जाएगी.


