राजस्थान ATS की बड़ी कार्रवाई, जैश-ए-मोहम्मद से संदिग्ध संबंधों में महिला गिरफ्तार

राजस्थान आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बबीता नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया है. महिला पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह है. फिलहाल अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.

calender

जयपुर: राजस्थान आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए बबीता नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया है. बता दें, महिला पर राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में शामिल होने का संदेह है और उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल अदालत ने उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है.

एजेंसी रख रही थी निगरानी 

ATS अधिकारियों के अनुसार, महिला की गतिविधियां कुछ समय से एजेंसी की निगरानी में थीं. जांच के दौरान ऐसे इनपुट मिले, जिनसे राष्ट्रीय सुरक्षा को संभावित खतरे की आशंका जताई गई. इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया.

जैश-ए-मोहम्मद के साथ संपर्क  

प्रारंभिक जांच में कुछ ऐसे सुराग सामने आए हैं, जिनसे प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े लोगों के साथ संभावित संपर्क की आशंका व्यक्त की जा रही है. हालांकि जांच एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि अभी तक महिला और संगठन के बीच सीधे संबंध की पुष्टि नहीं हुई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.

फोन नंबर की मिली जानकारी

ATS को कुछ ऐसे फोन नंबरों और डिजिटल संचार के बारे में जानकारी मिली है, जिनका संबंध पाकिस्तान से होने की संभावना जताई जा रही है. बताया जा रहा है कि विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए संपर्क बनाए गए थे. इसी कड़ी को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है. 

जांच के दौरान एजेंसियों के सामने एक बड़ी चुनौती यह भी आई है कि महिला ने गिरफ्तारी से पहले अपने मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों का काफी डेटा डिलीट कर दिया था. अधिकारियों का मानना है कि ऐसा जांच को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया गया हो सकता है.

फोरेंसिक टीम कर रही जांच 

फिलहाल फोरेंसिक टीम हटाए गए डेटा को रिकवर करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि संपर्कों और गतिविधियों की पूरी जानकारी जुटाई जा सके. ATS अब महिला के साथ जुड़ें सहयोगियों, संपर्कों और डिजिटल नेटवर्क की जांच में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ से मामले में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. First Updated : Monday, 22 June 2026

Topics :