मोहाली: पंजाब के मोहाली से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां एक प्राइवेट कंपनी के ऑफिस में युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में युवती की मौत हो गई, जबकि आरोपी ने बाद में खुद का गला काटकर आत्महत्या की कोशिश भी की. इस पूरी वारदात का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान डिंपल के रूप में हुई है, जो पटियाला की रहने वाली थी. आरोपी हरविंदर मान उर्फ हैरी उसी कंपनी में काम करता था. दोनों लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और करीब तीन साल से साथ काम कर रहे थे.
बताया जा रहा है कि दोनों के बीच दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई. हालांकि कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था. इसके बाद से आरोपी मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था.
पुलिस जांच में सामने आया है कि हरविंदर दोबारा रिश्ता सुधारना चाहता था, लेकिन डिंपल इसके लिए तैयार नहीं थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया. गुरुवार शाम आरोपी अचानक ऑफिस पहुंचा. वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई और देखते ही देखते उसने डिंपल पर चाकू से कई वार कर दिए. लड़की जान बचाने के लिए भागी, लेकिन आरोपी ने पीछा कर हमला जारी रखा.
घटना के दौरान ऑफिस में मौजूद कर्मचारी डर गए. कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन आरोपी लगातार हमला करता रहा. डिंपल पर हमला करने के बाद उसने खुद का गला भी काट लिया. दोनों को गंभीर हालत में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया. वहीं आरोपी हरविंदर की हालत नाजुक बनी हुई है.
मोहाली पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत कब्जे में ले लिए हैं. फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. थाना फेज-11 के एसएचओ अमन बैदवान ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. First Updated : Friday, 05 June 2026