होली के दिन रंग में भंग, दनादन मारपीट का वीडियो वायरल, कई लोग पुलिस की गिरफ्त में

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी में होली के दिन सुरक्षा गार्डों और सोसायटी के कुछ निवासियों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी में होली के दिन उस समय माहौल बिगड़ गया, जब सुरक्षा गार्डों और सोसायटी के कुछ निवासियों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

होली पर जश्न मना रहे थे लोग 

बताया जा रहा है कि होली के अवसर पर सोसायटी के कुछ निवासी अपने परिवार और दोस्तों के साथ परिसर में रंग-गुलाल के साथ जश्न मना रहे थे. इस दौरान लोग संगीत पर डांस भी कर रहे थे और त्योहार का आनंद ले रहे थे. इसी बीच वहां तैनात कुछ सुरक्षा गार्ड मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर लोगों को वहां से हटने के लिए कहने लगे.

निवासियों का आरोप है कि गार्डों के रोकने पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे विवाद में बदल गई. कुछ ही देर में बहस इतनी बढ़ गई कि धक्का-मुक्की होने लगी. इसी दौरान तीन से चार सुरक्षा गार्डों ने एक निवासी के साथ मारपीट शुरू कर दी. आरोप है कि गार्डों ने लाठी-डंडों से उस व्यक्ति पर हमला कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ वीडियो 

मारपीट की यह पूरी घटना सोसायटी के ही एक फ्लैट से किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली. बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया. वायरल वीडियो में कुछ सुरक्षाकर्मी कथित तौर पर निवासियों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं.

मामले की जानकारी मिलते ही बिसरख पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने दोनों पक्षों से जुड़े करीब दस लोगों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और वीडियो के आधार पर संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है. प्रारंभिक कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किए गए लोगों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. साथ ही पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

इस घटना के बाद सोसायटी में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में बताते हुए लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag