नई दिल्ली: यूजीसी-नेट 2026 परीक्षा में शामिल होने जा रहे लाखों उम्मीदवारों के लिए आज का दिन बेहद महत्वपूर्ण है. राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित यह परीक्षा 22 जून को दो चरणों में आयोजित हो रही है. पहले चरण की परीक्षा शुरू हो चुकी है, वहीं दूसरे चरण में परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले सभी दिशा-निर्देशों को अच्छी तरह पढ़ लें, क्योंकि निर्धारित नियमों का पालन न करने पर प्रवेश में परेशानी हो सकती है. समय पर पहुंचना, जरूरी दस्तावेज साथ रखना और ड्रेस कोड का पालन करना इस परीक्षा के लिए बेहद जरूरी माना गया है.
यूजीसी नेट 2026 परीक्षा दो अलग-अलग सत्रों में आयोजित की जाएगी. पहला सत्र सुबह 9 बजे से शुरू हो चुका है जो कि दोपहर 12 बजे तक चलेगा, जबकि दूसरा सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा. परीक्षा अधिकारियों ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंच जाएं. इससे सुरक्षा जांच, पहचान सत्यापन और पंजीकरण जैसी प्रक्रियाएं समय पर पूरी की जा सकेंगी.ध्यान रहे कि परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले पंजीकरण काउंटर बंद कर दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी उम्मीदवार को प्रवेश की अनुमति नहीं मिलेगी, भले ही उसके पास एडमिट कार्ड मौजूद हो.
यूजीसी नेट परीक्षा केंद्र दिशानिर्देश
परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए एनटीए ने कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन सभी अभ्यर्थियों के लिए अनिवार्य होगा. उम्मीदवारों को भारी या अधिक सजावटी कपड़े पहनने से बचने की सलाह दी गई है. लंबे बाजू वाले कपड़े भी यथासंभव न पहनें. यदि मौसम या स्वास्थ्य कारणों से हल्के ऊनी वस्त्र पहनने की जरूरत हो, तो उनकी जांच की जा सकती है.
जो अभ्यर्थी किसी पारंपरिक, सांस्कृतिक या धार्मिक पोशाक में परीक्षा देने आ रहे हैं, उन्हें सामान्य समय से काफी पहले केंद्र पर पहुंचना चाहिए ताकि सुरक्षा जांच में किसी प्रकार की देरी न हो. फुटवियर के रूप में चप्पल या कम हील वाली सैंडल पहनना अधिक सुविधाजनक माना गया है. यदि किसी उम्मीदवार को स्वास्थ्य या अन्य विशेष कारणों से नियमों में किसी प्रकार की छूट की आवश्यकता है, तो इसके लिए पहले से एनटीए की अनुमति लेना जरूरी होगा.
परीक्षा केंद्र पर साथ ले जाने वाली जरूरी चीजें
परीक्षा कक्ष में प्रवेश के समय कुछ दस्तावेज और आवश्यक वस्तुएं साथ रखना अनिवार्य होगा.
यूजीसी नेट एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट
आधार कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी या अन्य वैध फोटो पहचान पत्र
हाल ही में खिंचवाई गई पासपोर्ट आकार की फोटो, जो आवेदन के दौरान अपलोड की गई फोटो से मेल खाती हो
विशेष श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए आवश्यक प्रमाण पत्र, जैसे PwD या PwBD प्रमाण पत्र
प्रवेश पत्र में उल्लेखित अन्य आवश्यक दस्तावेज
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि परीक्षा के दिन सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखें ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
इन वस्तुओं को ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित
एनटीए ने परीक्षा केंद्र के अंदर कई वस्तुओं को पूरी तरह प्रतिबंधित किया है. किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी.
प्रतिबंधित वस्तुओं में शामिल हैं:
स्मार्टफोन
ब्लूटूथ डिवाइस
इयरफोन
पेजर
अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट
परीक्षा केंद्रों पर इन वस्तुओं को रखने की कोई व्यवस्था उपलब्ध नहीं होगी. यदि कोई उम्मीदवार ऐसी वस्तुएं लेकर आता है, तो उसे परीक्षा केंद्र के बाहर स्वयं उनकी व्यवस्था करनी होगी.
परीक्षा से पहले रखें इन बातों का ध्यान
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा केंद्र का स्थान पहले से जांच लें और यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर निकलें. सभी जरूरी दस्तावेजों की जांच एक दिन पहले ही कर लें. समय का पालन और नियमों का पालन ही परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने का सबसे आसान तरीका है. यूजीसी नेट 2026 परीक्षा से जुड़ी सभी आधिकारिक जानकारी के लिए उम्मीदवार एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.nic.in पर उपलब्ध नवीनतम अपडेट भी देख सकते हैं.
First Updated : Monday, 22 June 2026