यूपीएससी प्रीलिम्स 2026 का परिणाम घोषित, मेन परीक्षा के लिए 13,343 उम्मीदवार हुए पास

संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने 15 जून 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in या upsconline.nic.in पर यूपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है.

calender

नई दिल्ली: यूपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा 2026 में शामिल हुए लाखों उम्मीदवारों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सर्विसेज प्रीलिम्स परीक्षा 2026 के परिणाम जारी कर दिए हैं. परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं.

13,343 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा के लिए बनाई जगह

आयोग ने परिणाम पीडीएफ प्रारूप में जारी किया है, जिसमें सफल उम्मीदवारों के रोल नंबर शामिल हैं. इस वर्ष कुल 13,343 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर मुख्य परीक्षा के लिए जगह बनाई है. प्रीलिम्स परीक्षा में सफल घोषित उम्मीदवार अब सिविल सेवा परीक्षा के अगले और महत्वपूर्ण चरण, यानी मेंस परीक्षा में शामिल हो सकेंगे.

इस बार यूपीएससी ने परीक्षा प्रक्रिया में कुछ बदलाव भी किए थे. प्रारंभिक परीक्षा के आयोजन के बाद पहली बार प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई थी और उम्मीदवारों को ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज कराने का अवसर दिया गया था. प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा और निपटारे के बाद अब अंतिम परिणाम घोषित किया गया है.

यूपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 21 अगस्त 2026 से आयोजित की जाएगी. ऐसे में प्रीलिम्स में सफल अभ्यर्थियों को अब मेंस परीक्षा की तैयारी तेज करनी होगी. मुख्य परीक्षा के बाद इंटरव्यू चरण आयोजित किया जाएगा, जिसके आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी.

रिजल्ट कैसे देखें? 

रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in या upsconline.nic.in पर जाएं. इसके बाद वेबसाइट के ‘Results’ सेक्शन में उपलब्ध UPSC Civil Services Preliminary Examination 2026 Result लिंक पर क्लिक करें. लिंक खुलने पर एक पीडीएफ फाइल दिखाई देगी, जिसमें सफल उम्मीदवारों के रोल नंबर दर्ज होंगे. अभ्यर्थी Ctrl+F की मदद से अपना रोल नंबर खोज सकते हैं. यदि रोल नंबर सूची में मौजूद है, तो इसका मतलब है कि उम्मीदवार ने प्रीलिम्स परीक्षा सफलतापूर्वक पास कर ली है.

आयोग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से विभिन्न अखिल भारतीय और केंद्रीय सेवाओं में कुल 933 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी. इस वर्ष प्रीलिम्स परीक्षा के लिए लगभग 8.19 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जबकि करीब 5.49 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए.

जो उम्मीदवार मुख्य परीक्षा के लिए चयनित हुए हैं, उन्हें निर्धारित समय के भीतर डिटेल्ड एप्लीकेशन फॉर्म (DAF) भरना होगा. यह प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही वे मेंस परीक्षा में बैठने के पात्र होंगे. अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे रिजल्ट, डीएएफ और मुख्य परीक्षा से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण जानकारियों के लिए यूपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें. First Updated : Monday, 15 June 2026