लीलावती अस्पताल में भर्ती हुए अभिनेता प्रेम चोपड़ा, परिवार ने क्या बताया

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेता के दामाद और एक्टर विकास भल्ला ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होना एहतियाती उपाय था. उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह (प्रेम चोपड़ा) ठीक है.

Anuj Kumar
Edited By: Anuj Kumar

मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता प्रेम चोपड़ा को मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, अभिनेता के दामाद और एक्टर विकास भल्ला ने बताया कि अस्पताल में भर्ती होना एहतियाती उपाय था. उन्होंने आश्वासन दिया है कि वह (प्रेम चोपड़ा) ठीक है.

एक्टर धर्मेंद्र की तबियत भी खराब

आपको बता दें कि आज ही हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. करीब 90 वर्ष के धर्मेंद्र उम्र संबंधी जटिलताओं से जूझ रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों ने उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें आईसीयू वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया है. हालांकि, उनकी टीम ने कहा है कि वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है.

सैकड़ों फिल्मों में काम किया

प्रेम चोपड़ा हिंदी सिनेमा के उन दिग्गज कलाकारों में से एक हैं, जिन्होंने पर्दे पर विलेन की भूमिकाओं से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई. 60 के दशक से लेकर 90 के दशक तक उन्होंने सैकड़ों फिल्मों में काम किया और लगभग हर बड़े अभिनेता के साथ स्क्रीन साझा की.

सिनेमा के सुनहरे दौर में अपनी अलग पहचान बनाई

उन्होंने धर्मेंद्र, अमिताभ बच्चन, ऋषि कपूर, विनोद खन्ना, अमरीश पुरी और कादर खान जैसे कलाकारों के साथ कई यादगार फिल्मों में काम किया है. प्रेम चोपड़ा के डायलॉग्स और उनका अंदाज दर्शकों को इतना पसंद आया कि उनका नाम सुनते ही लोग फिल्मों के खलनायक को याद करने लगते हैं. अपनी दमदार एक्टिंग और अनोखे स्टाइल की वजह से उन्होंने हिंदी सिनेमा के सुनहरे दौर में अपनी अलग पहचान बनाई थी.

'एनिमल' में नजर आए थे एक्टर

अगर उनकी हाल की फिल्मों की बात करें, तो प्रेम चोपड़ा आखिरी बार साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘एनिमल’में नजर आए थे. इस फिल्म में उनका किरदार छोटा जरूर था, लेकिन दर्शकों पर गहरा असर छोड़ गया. फिल्म में रणबीर कपूर, अनिल कपूर, शक्ति कपूर और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में थे.

‘एनिमल’बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई और फिल्म ने 900 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी. प्रेम चोपड़ा के छोटे से रोल को भी दर्शकों ने खूब सराहा, जिससे यह साबित हुआ कि उनकी लोकप्रियता आज भी कम नहीं हुई है.

यादगार किरदार निभाए

बॉलीवुड के इस अनुभवी अभिनेता ने अपने लंबे करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं. उनकी शानदार अदाकारी ने उन्हें हिंदी सिनेमा के सबसे पहचानने योग्य और सम्मानित कलाकारों में शामिल किया है. प्रशंसक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं.


 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag