चुनाव में 'पुष्पा' बनने वाला TMC नेता गिरफ्तार, बंगाल पुलिस ने जहांगीर खान को 4 घंटे नंगे पैर फिर कराई परेड

पश्चिम बंगाल में TMC नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी और कथित ‘पुष्पा स्टाइल’ राजनीति को लेकर बड़ा बवाल मचा है. बंगाल पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद जहांगीर खान 4 घंटे नंगे पैर परेड कराई.

Sonee Srivastav

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल एक बार फिर तेज हो गई है. तृणमूल कांग्रेस के कई स्थानीय नेताओं पर जनता के गुस्से और पुलिस कार्रवाई का असर देखने को मिल रहा है. इसी बीच दक्षिण 24 परगना के फालता क्षेत्र के नेता जहांगीर खान की गिरफ्तारी चर्चा में बनी हुई है.

चुनाव और विवाद की कहानी

जहांगीर खान ने 2026 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान खुद को फिल्म ‘पुष्पा’ के किरदार की तरह पेश किया था. वह कई सभाओं में “पुष्पा झुकेगा नहीं साला” जैसे डायलॉग बोलकर सुर्खियों में आए थे. उनका दावा था कि वह किसी दबाव में नहीं झुकेंगे, लेकिन चुनाव परिणाम उनके पक्ष में नहीं रहे और उन्हें हार का सामना करना पड़ा.

जहांगीर खान की गिरफ्तारी और पुलिस कार्रवाई

रिपोर्ट के अनुसार, हार के बाद जहांगीर खान लंबे समय तक गायब रहे. उन्होंने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट का भी रुख किया था, लेकिन बाद में पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टीम ने उन्हें उस समय पकड़ लिया जब वह नेपाल भागने की कोशिश कर रहे थे. उन पर कई मामलों में जांच चल रही है और उन्हें पूछताछ के लिए कोलकाता लाया गया.

जनता का बढ़ता आक्रोश

राज्य के कई हिस्सों में अन्य टीएमसी नेताओं को भी विरोध का सामना करना पड़ रहा है. कुछ मामलों में लोगों ने नेताओं पर गुस्सा निकालते हुए विरोध प्रदर्शन किए. कई जगहों पर ‘कट मनी’ को लेकर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया है.

कट मनी विवाद और राजनीति

कट मनी का मुद्दा लंबे समय से बंगाल की राजनीति में चर्चा में रहा है. पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को अवैध रूप से ली गई रकम लौटाने की बात कही थी. वहीं भारतीय जनता पार्टी लगातार इस मुद्दे को चुनावी मंचों पर उठाती रही है.

फिलहाल राज्य में राजनीतिक तनाव बना हुआ है और पुलिस जांच जारी है. जहांगीर खान की गिरफ्तारी और अन्य मामलों ने एक बार फिर बंगाल की राजनीति को गरमा दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो