नई दिल्ली: हाल ही में सोशल मीडिया पर एक एआई-जनरेटेड पोस्टर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें क्रिकेटर युजवेंद्र चहल को उनकी पूर्व पत्नी धनाश्री वर्मा, आरजे महवश और बिग बॉस 13 फेम शेफाली बग्गा के साथ दिखाया गया. पोस्टर का टाइटल था 'किस किसको प्यार करूं 3', जो मजाकिया अंदाज में चहल की लव लाइफ पर तंज कस रहा था.
इस पोस्टर ने अफवाहों को और हवा दी, क्योंकि कुछ समय पहले चहल और शेफाली को मुंबई के एक रेस्तरां के बाहर साथ देखा गया था. हालांकि, दोनों ने कभी डेटिंग की पुष्टि नहीं की.
पोस्टर वायरल होने पर युजवेंद्र चहल ने भी अपना हल्का-फुल्का जवाब दिया. उन्होंने कमेंट में लिखा, "2-3 रह गई एडमिन, अगली बार बेहतर रिसर्च करना." उनका यह मजेदार कमेंट फैंस को बहुत पसंद आया और सोशल मीडिया पर खूब शेयर हुआ. चहल ने इसे हंसी-मजाक में लिया, लेकिन पोस्टर ने कई लोगों को परेशान कर दिया.
शेफाली बग्गा ने इस पोस्टर को देखकर काफी नाराजगी जताई. उन्होंने इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए ट्रोलर्स को कड़ी फटकार लगाई. उन्होंने लिखा, "यह बेहद घिनौना है! tट्रोलर्स लड़कियों के साथ जिस तरह का व्यवहार करते हैं, वह बहुत शर्मनाक है. अपनी जिंदगी जियो. यह हमारी सोच का सही उदाहरण है."
शेफाली ने ऐसे कंटेंट को महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक बताया और इसे मानसिकता का दर्पण कहा. उनका यह करारा जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया और कई लोगों ने उनकी हिम्मत की तारीफ की.
यह सब तब शुरू हुआ जब चहल और शेफाली को साथ स्पॉट किया गया. चहल की धनाश्री वर्मा से 2020 में शादी हुई थी, लेकिन 2025 में दोनों ने तलाक ले लिया. तलाक के बाद चहल का नाम महवश से भी जोड़ा गया. शेफाली बग्गा बिग बॉस 13 से चर्चित हुईं और अब वे सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं. दोनों की मुलाकात को लेकर अफवाहें फैलीं, लेकिन किसी ने भी रिश्ते की पुष्टि नहीं की.
First Updated : Sunday, 01 February 2026