बॉलीवुड के दमदार अभिनेता अजय देवगन एक बार फिर कॉमेडी के अंदाज में लौट आए हैं. उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सन ऑफ सरदार 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. इस बार कहानी पंजाब से निकलकर स्कॉटलैंड पहुंच चुकी है, और जस्सी रंधावा यानी अजय देवगन फिर से फुल ऑन मस्ती और एक्शन के मूड में हैं.
जहां ट्रेलर में मस्ती, ड्रामा, लव स्टोरी और देशभक्ति का मिश्रण नजर आया, वहीं दर्शकों ने सोनाक्षी सिन्हा को मिस किया. पहली फिल्म की याद दिलाते कई फैंस को लगा कि इस बार की जोड़ी में पहले जैसी केमिस्ट्री नहीं दिख रही.
ट्रेलर की शुरुआत होती है एक बुजुर्ग महिला के पोल डांस सीन से, जिसे देखकर अजय का किरदार 'बेबे' कहता है. इस फनी सीन के साथ ट्रेलर दर्शकों को एक कॉमेडी ऑफ एरर्स के सफर पर ले जाता है. अजय देवगन और मृणाल ठाकुर की जोड़ी एक शादी कराने की जद्दोजहद में उलझती नजर आती है, जिसमें कई किरदार उनकी राह में आते हैं. ट्रेलर में अजय पाकिस्तान पर तंज कसते हुए कहते हैं, “तुम हमारे देश पर बम फोड़ते हो हमारे देश पर.”इस डायलॉग ने ट्रेलर को राजनीतिक ट्विस्ट भी दे दिया है.
ट्रेलर में एक सीन ऐसा भी है जहां अजय देवगन, फिल्म बॉर्डर के सनी देओल को याद दिलाते हैं. साथ ही “Just joking” और “कदी हस भी लिया करो” जैसे डायलॉग्स पहली फिल्म की यादें ताज़ा कर देते हैं.
जहां मृणाल ठाकुर को पहली बार अजय के साथ कास्ट किया गया है, वहीं कई फैंस को यह जोड़ी रास नहीं आई. किसी ने लिखा, “सोनाक्षी सिन्हा के बिना यह फिल्म अधूरी है”, तो किसी ने कहा, “उन्होंने सोनाक्षी को क्यों बदला? मृणाल और अजय में ज़ीरो केमिस्ट्री है.”
इस फिल्म से मुकुल देव भी अंतिम बार सिल्वर स्क्रीन पर नजर आएंगे. उनके साथ ट्रेलर में विंदु दारा सिंह, रवि किशन, कुब्रा सैत, संजय मिश्रा जैसे कई सितारे नजर आते हैं.
विजय कुमार अरोड़ा के निर्देशन में बनी इस फिल्म को जियो स्टूडियोज और देवगन फिल्म्स ने मिलकर प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म 25 जुलाई 2025 को वर्ल्डवाइड रिलीज होने जा रही है. पहली फिल्म 2012 में आई थी जिसमें सोनाक्षी सिन्हा, संजय दत्त और सलमान खान कैमियो में नजर आए थे. नई फिल्म एक नए ट्रैक से शुरू होती है, न कि पुरानी कहानी से. First Updated : Friday, 11 July 2025