VIDEO: हील्स पहनकर अक्षय कुमार ने किया डांस, फिसलने से बचे तो बोले- 'सारी औरतों को सलाम'
अक्षय कुमार ने अपने गेम शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून का ग्रैंड फिनाले में हील्स पहनकर डांस किया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें देखा गया कि डांस के समय एक्टर फिसलने से बाल-बाल बच गए.

अक्षय कुमार के लोकप्रिय गेम शो व्हील ऑफ फॉर्च्यून का ग्रैंड फिनाले दर्शकों के लिए खूब मनोरंजक रहा. एक्शन के बादशाह अक्षय कुमार इस बार हील्स पहनकर डांस करते नजर आए, जिसने सबको हंसाने का काम किया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
फराह खान ने दिया डांस का चैलेंज
शो के आखिरी एपिसोड में अक्षय के खास मेहमान के रूप में फराह खान, भूमि पेडनेकर और जैकलीन फर्नांडिस पहुंची. मस्ती के बीच जैकलीन ने अक्षय से बदला लेने का फैसला किया. उन्होंने अक्षय को चुनौती दी कि वे रेड हील्स पहनकर एक मिनट तक लाल परी गाने पर डांस करें. अगर बीच में रुके तो उन्हें जैकलीन के अकाउंट में एक लाख रुपये जमा करने होंगे.
अक्षय पहले तो घबरा गए और बोले, “पागल है क्या? मैं हील्स पहनूं? मोच आ जाएगी. मैंने कभी नहीं पहना, मैं बहुत डरपोक हूं.” लेकिन फराह खान ने उन्हें टोकते हुए कहा कि इतने खतरनाक स्टंट्स करने वाले अक्षय को ये छोटा सा चैलेंज भी नहीं करना चाहिए.
अक्षय कुमार का मजेदार डांस
आखिरकार अक्षय तैयार हो गए. फराह और जैकलीन की मदद से उन्होंने लाल रंग की हील्स पहनीं और लाल परी पर डांस शुरू कर दिया. डांस के दौरान एक बार वे फिसलते-फिसलते बचे. उनके साथ फराह, जैकलीन और भूमि भी डांस करने लगी. पूरा स्टूडियो हंसी से गूंज उठा.
Akshay dancing in heels wasn’t on my 2026 bingo card… probably not in Akshay Kumar’s plan either 😭 https://t.co/AL7S5ck2s9 pic.twitter.com/6rCnNQOVrm
— PintuX (@pintya_348) April 28, 2026
अक्षय ने मुश्किल से एक मिनट का चैलेंज पूरा किया. डांस करते समय उनकी हील्स भी टूट गई. इसके बाद अक्षय ने हैरानी जताते हुए कहा, “सारी औरतों को सलाम है, आप लोग रोज कैसे पहनती हो ये हील्स?” उनका ये बयान सुनकर सब जोर-जोर से तालियां बजाने लगे.
व्हील ऑफ फॉर्च्यून शो
व्हील ऑफ फॉर्च्यून अमेरिकी गेम शो का भारतीय वर्जन है. अक्षय कुमार ने लंबे समय बाद टीवी पर वापसी करते हुए इस शो को होस्ट किया. शो 27 जनवरी को शुरू हुआ था और 27 अप्रैल को अपना पहला सीजन पूरा कर चुका है.
दूसरे सीजन की भी चर्चा शुरू हो गई है और खबरें हैं कि अक्षय ही फिर से इसका हिस्सा होंगे. ग्रैंड फिनाले में अक्षय का हील्स वाला डांस इस एपिसोड का सबसे यादगार पल बन गया.


