नई दिल्ली: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार की रात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए ऐतिहासिक रही. आईपीएल 2026 के एक बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब पर कब्जा जमाया.
विराट की शानदार पारी
इस शानदार जीत के सूत्रधार रहे स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, जिन्होंने नाबाद 75 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली और अंत में विनिंग शॉट लगाकर टीम को चैंपियन बनाया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद स्टैंड्स में बैठीं उनकी पत्नी और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा की खुशी का ठिकाना नहीं रहा.
इंस्टाग्राम पर शेयर किया खास संदेश
आरसीबी की खिताबी जीत और पति विराट कोहली के दमदार प्रदर्शन से गदगद अनुष्का शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक बेहद दिल छू लेने वाला पोस्ट साझा किया. अनुष्का ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर विराट कोहली की पीछे से ली गई एक तस्वीर पोस्ट की. इस तस्वीर में विराट एक खास टी-शर्ट पहने नजर आ रहे हैं. जिस पर लिखा संदेश सबका ध्यान खींच रहा है. टी-शर्ट पर लिखा था वन फेल्ट नाइस, यू डिड इट ट्वाइस (एक बार अच्छा लगा, तुमने इसे दो बार कर दिखाया).
सबसे तेज अर्धशतक पूरा
मैच के दौरान स्टेडियम का माहौल उस वक्त और भी खुशनुमा हो गया जब विराट कोहली ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का सबसे तेज अर्धशतक पूरा किया. वीआईपी पवेलियन में बैठीं अनुष्का शर्मा तुरंत अपनी सीट से उठ खड़ी हुई और तालियां बजाकर विराट की इस उपलब्धि की सराहना की.
'फ्लाइंग किस' का रोमांटिक पल
मैदान पर मौजूद किंग कोहली ने भी अपनी लेडी लव के इस रिएक्शन को नोटिस करने में देर नहीं की. उन्होंने तुरंत बल्ले से अनुष्का की तरफ इशारा किया और हवा में एक प्यारा सा 'फ्लाइंग किस' उछाला. अनुष्का भी इस पर मुस्कुराए बिना नहीं रह सकीं और स्टैंड्स में मौजूद हजारों दर्शकों ने इस खूबसूरत कपल गोल्स वाले पल पर जमकर हूटिंग की.
एक बार फिर 'लेडी लक' साबित हुई अनुष्का
पूरे मैच के दौरान अनुष्का शर्मा काफी नर्वस और हर गेंद को ध्यान से देखती नजर आ रही थीं. जैसे ही विराट ने विनिंग शॉट लगाया. अनुष्का खुशी से झूम उठीं और उन्होंने आसपास बैठे लोगों को गले लगा लिया. आरसीबी अब चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद आईपीएल इतिहास में अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव करने वाली तीसरी टीम बन गई है. सोशल मीडिया पर फैंस अनुष्का को विराट का 'लकी चार्म' बता रहे हैं. मैच खत्म होने के बाद विराट खुद अनुष्का को मैदान पर लेकर आए. जहां दोनों ने ट्रॉफी के साथ और टीम के अन्य सदस्यों के साथ जमकर जश्न मनाया. First Updated : Monday, 01 June 2026