बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र की फिर बिगड़ी तबीयत, 89 साल की उम्र में ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुए भर्ती
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को तबीयत बिगड़ने के बाद मुंबई के अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण उन्हें आईसीयू वेंटिलेटर पर रखा गया है. डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है. धर्मेंद्र लगभग 90 वर्ष के हैं.

मुंबई : हिंदी सिनेमा के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. करीब 90 वर्ष के धर्मेंद्र उम्र संबंधी जटिलताओं से जूझ रहे हैं. सूत्रों के अनुसार, डॉक्टरों ने उनकी हालत बिगड़ने के बाद उन्हें आईसीयू वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया है. हालांकि, उनकी टीम ने कहा है कि वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है.
शुरुआती जांच से ICU तक पहुंचा मामला
प्रशंसकों में चिंता की लहर
धर्मेंद्र की बिगड़ती सेहत की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में चिंता की लहर दौड़ गई है. हालांकि, उनके परिवार या अस्पताल प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. वहीं, धर्मेंद्र की पब्लिक रिलेशन टीम का कहना है कि “धर्मेंद्र जी डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है. कुछ मीडिया रिपोर्टें बढ़ा-चढ़ाकर पेश की जा रही हैं.”
सिनेमा में छह दशक का शानदार सफर
धर्मेंद्र को उनके प्रशंसक प्यार से ‘ही-मैन ऑफ बॉलीवुड’ कहते हैं. उन्होंने अपने छह दशक लंबे करियर में 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया है. 1960 में आई फिल्म दिल भी तेरा हम भी तेरे से उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया था. 1960 के दशक में उन्होंने आई मिलन की बेला, फूल और पत्थर, और आए दिन बहार के जैसी फिल्मों से लोकप्रियता हासिल की.
एक ही वर्ष में सबसे ज्यादा हिट फिल्मों का रिकॉर्ड
1970 और 80 के दशक में धर्मेंद्र ने शोले, चुपके चुपके, धरम वीर और सत्यकाम जैसी फिल्मों से हिंदी सिनेमा में अपनी मजबूत पहचान बनाई. उनके नाम एक ही वर्ष में सबसे ज्यादा हिट फिल्मों का रिकॉर्ड है 1973 में उन्होंने आठ और 1987 में सात लगातार हिट फिल्में दी थीं. 2012 में भारत सरकार ने उन्हें पद्म भूषण से सम्मानित किया था.
फैंस की दुआएं और उम्मीदें धर्मेंद्र के साथ
धर्मेंद्र की बिगड़ती तबीयत की खबर के बाद सोशल मीडिया पर उनके लिए जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थनाएं की जा रही हैं. कई सितारों ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है. धर्मेंद्र भारतीय सिनेमा के उन चंद कलाकारों में से हैं जिन्होंने हर पीढ़ी के दर्शकों के दिल में जगह बनाई है. फिलहाल डॉक्टरों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है, और प्रशंसक उम्मीद कर रहे हैं कि “ही-मैन” जल्द ही स्वस्थ होकर घर लौट आएंगे.


