'द केरल स्टोरी 2' पर घमासान, शायना एनसी ने किया खुला समर्थन
'द केरल स्टोरी 2' के ट्रेलर रिलीज होते ही सियासी और सामाजिक बहस तेज हो गई है। शिवसेना नेता शायना एनसी ने फिल्म का समर्थन करते हुए कहा, "यह गलत सूचना फैलाने का अभियान नहीं है", जबकि केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन समेत कई संगठनों ने इस पर आपत्ति जताई है.

द केरल स्टोरी 2: आगामी हिंदी फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ अपने ट्रेलर रिलीज के बाद से ही विवादों में घिर गई है. केरल में जबरन धर्मांतरण के चित्रण को लेकर कई राजनीतिक दलों और संगठनों ने आपत्ति जताई है. इसी बीच शिवसेना नेता शायना एनसी ने फिल्म के समर्थन में खुलकर बयान दिया है.
शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में शायना एनसी ने कहा कि फिल्म तथ्यों को सामने लाने का प्रयास है और इसे गलत सूचना फैलाने का अभियान बताना उचित नहीं है. उन्होंने लोगों से समाज में शांति बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को समझने की अपील की.
शायना एनसी का बयान
मीडिया से बातचीत में शायना एनसी ने कहा, "फिल्म 'केरल स्टोरी 2 गलत सूचना फैलाने का अभियान नहीं है. सच्चाई यह है कि केरल में कई लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराया गया है... 32,000 लड़कियों के मामले का अध्ययन करने पर यह बात स्पष्ट हो जाती है... इस फिल्म का उद्देश्य इसी बात को उजागर करना है. इसका विरोध करने वालों से मैं बस इतना ही कहना चाहूंगी कि अगर आप समाज में शांति बनाए रखना चाहते हैं, तो आपको दोनों पक्षों को देखना चाहिए और समझना चाहिए कि केरल में वास्तव में क्या हो रहा है."
ट्रेलर से बढ़ा विवाद
द केरल स्टोरी 2 के ट्रेलर के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई है. कुछ लोग इसे "कड़वी सच्चाई" बता रहे हैं, जबकि अन्य इसे "प्रचार" करार दे रहे हैं.
फिल्म की कहानी केरल, राजस्थान और मध्य प्रदेश की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है और इसमें धर्मांतरण तथा जबरन वसूली जैसे मुद्दों को दर्शाया गया है.
केरल सरकार और संगठनों की प्रतिक्रिया
पिनाराई विजयन ने फिल्म की आलोचना करते हुए कहा है कि ऐसी प्रस्तुति राज्य में सांप्रदायिक तनाव को फिर से बढ़ा सकती है. वहीं धार्मिक संगठन अखिल भारतीय मुस्लिम जमात ने भी फिल्म का विरोध किया है.
निर्माता विपुल शाह का पक्ष
चल रहे विवाद के बीच फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने भी अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, "हमारा मकसद केरल को निशाना बनाना नहीं है. केरल भगवान की भूमि है... हम चाहते हैं कि उस राज्य से यह बुराई जल्द से जल्द जड़ से खत्म हो जाए."
सीक्वल के शीर्षक पर उठे सवालों के जवाब में शाह ने कहा, "केरल स्टोरी 2 केरल से आगे बढ़कर पूरे भारत में चल रहे छल-कपट से प्रेरित धर्मांतरण की बड़ी साजिश का पर्दाफाश करती है. क्योंकि इसका मुख्य विषय केरल स्टोरी 1 जैसा ही है, इसलिए हमने इसका नाम केरल स्टोरी 2 रखा है."
रिलीज और पृष्ठभूमि
कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी 'द केरल स्टोरी 2' 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. यह 2023 में आई फिल्म द केरल स्टोरी का सीक्वल है, जो रिलीज के समय विवादों में रही थी, लेकिन बाद में व्यावसायिक रूप से सफल साबित हुई और दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार अपने नाम किए.
नई फिल्म में पूरी तरह नए कलाकारों और नए निर्देशक के साथ कहानी को आगे बढ़ाया गया है.


