'छावा' का बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त प्रदर्शन, लेकिन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल मैच ने लगाया ब्रेक?
फिल्म 'छावा' बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई है लेकिन माना जा रहा है कि भारत और न्यूजीलैंड चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल के कारण रविवार को इसकी कमाई में गिरावट देखी गई. फिल्म ने 23वें दिन शनिवार को 16.75 करोड़ रुपये कमाए, लेकिन रविवार को ये घटकर 8.38 करोड़ रुपये रह गया, हालांकि कुल कलेक्शन 517.43 करोड़ रुपये पार कर चुका है.

विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' थिएटर्स में शानदार प्रदर्शन कर रही है. फिल्म के रिलीज होने के बाद से ही इस फिल्म ने लगातार बंपर कमाई की है. हालांकि, रविवार को फिल्म की कमाई में उम्मीद के मुताबिक उछाल नहीं देखा गया. ऐसा माना जा रहा है कि इस गिरावट का कारण ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का फाइनल मुकाबला रहा, जो भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया.
शनिवार और रविवार आमतौर पर फिल्मों के लिए सबसे ज्यादा कमाई वाले दिन माने जाते हैं, क्योंकि लोग छुट्टी के मौके पर अपने परिवार के साथ फिल्में देखने जाते हैं. लेकिन इस बार, रविवार के दिन 'छावा' को अपेक्षित कलेक्शन नहीं मिला, जबकि ये फिल्म वीकडेज में जबरदस्त प्रदर्शन कर रही थी.
गिरा कलेक्शन, लेकिन अब भी हिट फिल्म
विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना अभिनीत 'छावा' ने 23वें दिन यानी शनिवार को 16.75 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. लेकिन जब क्रिकेट का रोमांच चरम पर रहा यानि कि रविवार को फिल्म का कलेक्शन घटकर 8.38 करोड़ रुपये रह गया. हालांकि, ये गिरावट अस्थायी मानी जा रही है और फिल्म की कुल कमाई घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 517.43 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है, जिससे ये ब्लॉकबस्टर का दर्जा हासिल कर चुकी है.
500 करोड़ क्लब में शामिल हुई 'छावा'
130-140 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'छावा' अब 500 करोड़ क्लब का हिस्सा बन चुकी है. दिलचस्प बात ये है कि 28 मार्च को सलमान खान की 'सिकंदर' के रिलीज होने तक कोई बड़ी फिल्म रिलीज नहीं हो रही है, जिससे ये पीरियड ड्रामा बॉक्स ऑफिस पर राज करता रहेगा. ट्रेड एक्सपर्ट्स के अनुसार, फिल्म आने वाले दिनों में भी अच्छी कमाई जारी रख सकती है.
मड्डॉक फिल्म्स और लक्ष्मण उतेकर की शानदार फिल्म
आपको बता दें कि 'छावा' को दिनेश विजान की मड्डॉक फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है और लक्ष्मण उतेकर ने इसे डायरेक्ट किया है. ये विक्की कौशल और लक्ष्मण उतेकर की दूसरी फिल्म है, इससे पहले दोनों ने 2023 में आई 'ज़रा हटके ज़रा बचके' में साथ काम किया था. फिल्म में विनीत कुमार सिंह और आशुतोष राणा जैसे दमदार कलाकारों ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं.


